Mainpuri By Polls: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) ने कहा है कि शिवपाल सिंह यादव (Shivpal Singh Yadav) के सपोर्ट के बाद भी मैनपुरी (Mainpuri) सीट पर सपा (SP) की हार तय है।
Mainpuri By Polls: ओम प्रकाश राजभर, शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव। (फाइल)
शनिवार (19 नवंबर, 2022) को उन्होंने यह दावा उत्तर प्रदेश (UP) के बलिया में मनियर क्षेत्र में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान किया। पत्रकारों से वह बोले कि सुभासपा उत्तर प्रदेश में कांग्रेस (Congress) और बसपा (BSP) को पीछे धकेल कर तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।
राजभर के अनुसार, पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन में मैनपुरी सीट पर मुलायम सिंह यादव 95 हजार मतों के अंतर से चुनाव जीते थे। अगर इसमें से बसपा समर्थक मतों को निकाल दें तो सपा की स्थिति का आंकड़ा स्पष्ट हो जाता है।
उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘सूबे में सपा चार बार सत्ता में रही। इनकी सरकार में हुई गुंडई, तानाशाही, जमीन पर अवैध कब्जा, थाने से अपराधियों को छुड़ाने, अन्याय व अत्याचार की घटनाओं को लोग भूले नहीं हैं। लोग अब सपा को वोट देने के लिए हरगिज तैयार नहीं हैं।’’
शिवपाल सिंह यादव की ओर से सपा का समर्थन करने से जुड़े सवाल पर राजभर ने पलट कर सवाल दागा और पूछे ‘‘वह सपा से कब अलग रहे हैं?’’ आगे सुभासपा चीफ ने यह तंज भी कसा कि शिवपाल ने पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में भी सपा का सहयोग किया था और फिर कर रहे हैं। (पीटीआई-भाषा इनपुट्स के साथ)
