BJP और कांग्रेस पर भड़कीं मायावती, कहा- अच्छे दिन देखने को नहीं मिलें, इनकी विचारधार संकुचित

Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव-2024 से मायावती ने कांग्रेस और भाजपा को लेकर बयान दिया है। उन्होंने भाजपा को लेकर कहा कि इनकी नीतियां नफरत भरी है। वहीं कांग्रेस को लेकर उन्होंने कहा कि इनकी नीतियां जातिवादी और सांप्रदायिक हैं।

Lok Sabha Election 2024: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की अध्यक्ष मायावती ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर पूंजीपतियों, अमीरों की मदद करने और चुनावी बॉण्ड के माध्यम से उनसे वित्तीय सहायता लेने का आरोप लगाया। मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी ने इस योजना के माध्यम से एक पैसा भी नहीं लिया। बसपा प्रमुख ने इस पर जोर दिया कि आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा के लिए कोई भी ‘जुमला’ या गारंटी काम नहीं करेगी क्योंकि लोगों को एहसास हो गया है कि सत्तारूढ़ दल द्वारा किए गए एक-चौथाई वादे भी पूरे नहीं हुए हैं और उन्हें अभी तक ‘अच्छे दिन’ देखने को नहीं मिले हैं। उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।

मायावती महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र की लोकसभा सीटों पर बसपा के उम्मीदवारों के समर्थन में नागपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि भाजपा अपनी ‘जातिवादी, पूंजीवादी, संकीर्ण सोच वाली और नफरत भरी’ नीतियों के कारण और अगर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव होते हैं तथा ईवीएम के साथ छेड़छाड़ नहीं की जाती है, तो इस बार केंद्र में आसानी से सत्ता में नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने अधिकांश प्रयास पूंजीपतियों को और अधिक अमीर बनाने में लगाए हैं।

End of Feed