Bihar Assembly Election 2025: बिहार चुनाव के लिए लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बुधवार को अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची में 14 उम्मीदवारों के नाम हैं। लोजपा-आर ने गोविंदगंज से राजू तिवारी, गरखा से सीमांत मृणाल, सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह और ब्रह्मपुर से हुलास पांडेय को टिकट दिया है। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा-आर एनडीए में शामिल है और वह 29 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
बिहार में दो चरणों में होंगे विधानसभा चुनाव। तस्वीर-ANI
बिहार में दो चरणों में चुनाव
भाजपा और जद-यू 101-101 सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं जबकि जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बिहार में विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों 6 नवंबर और 11 नवंबर को होगा और चुनाव नतीजे 14 नवंबर को घोषित होंगे।
| सीट | उम्मीदवार |
| गोविंदगंज | राजू तिवारी |
| सिमरी बख्तियारपुर | संजय कुमार सिंह |
| दरौली (अनु. जाति) | विष्णु देव पासवान |
| गरखा (अनु. जाति) | सीमांत मृणाल |
| साहेबपुर कमाल | सुरेंद्र कुमार |
| बखरी (अनु. जाति) | संजय कुमार |
| परबत्ता | बाबुलाल शौर्य |
| नाथनगर | मिथुन कुमार |
| पालीगंज | सुनील कुमार |
| ब्रह्मपुर | हुलास पांडे |
| डेहरी | राजीव रंजन सिंह |
| बलरामपुर | संगीता देवी |
| मखदुमपुर | रानी कुमारी |
| ओबरा | प्रकाश चंद्र |
प्रत्याशियों की घोषणा में एनडीए आगे
उम्मीदवारों की घोषणा में एनडीए बढ़त ले चुका है। भाजपा, जद-यू ने भी कई सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं लेकिन महागठबंधन की ओर से अभी उम्मीदवारों की एक भी सूची सामने नहीं आई है। दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस उम्मीदारों के नामों पर चर्चा हुई। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में प्रत्याशियों के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई। बिहार प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश राम ने दिल्ली से पटना रवाना होने से पहले कहा कि कुछ चीजें रह गई थीं उसे दूर कर लिया गया है। कांग्रेस के उम्मीदवारों की सूची जल्द जारी होगी।
राघोपुर से तेजस्वी ने भरा पर्चा
राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधान सभा में विपक्ष के नेता, तेजस्वी यादव ने बुधवार को राघोपुर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा चुनावों के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। आरजेडी नेता के माता-पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी भी मौजूद थे।
