Delhi Chunav Result Live: दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीटों के लिए मतों की गिनती जारी है। चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों में दिल्ली की 70 सीटों में से भाजपा 41 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि आम आदमी पार्टी (आप) 29 सीटों पर आगे चल रही है। इस बीच, कालकाजी से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वह निजी फायदे या मुख्यमंत्री बनने के लिए, बल्कि जनता की सच्ची सेवा करने के लिए मैदान में हैं।
क्या कुछ बोले रमेश बिधूड़ी?
रमेश बिधूड़ी ने भाजपा को मिल रही बढ़त का श्रेय दिल्ली की जनता को दिया। रमेश बिधूड़ी ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा और उन पर झूठे वादों के जरिए जनता को गुमराह करने और फ्री चीजें बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'केजरीवाल दो बार जीते, क्योंकि उन्होंने मुफ्त चीजें बांटी और झूठे वादे किए, लेकिन पिछले 10 सालों में उनकी पोल खुल गई। अगर कालकाजी के लोग विकास चाहते हैं तो वे आतिशी को विदाई देंगे। यह बढ़त कालकाजी के लोगों का आशीर्वाद है।'
उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल ने पिछले 10 सालों में दिल्ली में कोई काम नहीं किया। मेरा मानना है कि आपदा खत्म हो रही है और भाजपा सत्ता में आएगी... हम यहां जनता की सेवा करने के लिए आए हैं, सीएम जैसे किसी पद के लिए नहीं।
रुझानों में खिल रहा 'कमल'
चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में भाजपा नरेला, बवाना, किराड़ी, मंगोलपुरी, रिठाला, करावल नगर, मुस्तफाबाद, सीलमपुर, शाहदरा, विश्वास नगर, घोंडा, कोंडली, कस्तूरबा नगर, शकूरबस्ती, दिल्ली कैंट, आरके पुरम, मादीपुर, राजौरी गार्डन, त्रिनगर, नजफगढ़, राजेंद्र नगर, मटियाला, छतरपुर, बिजवासन, संगम विहार, पटेल नगर, मुंडका, उत्तम नगर, गोकलपुर, पालम, नांगलोई जाट, मंगोलपुरी, लक्ष्मी नगर, शालीमार बाग विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं।
