Assam Assembly Election 2026: असम में विधानसभा चुनाव में अब दो सप्ताह का भी समय शेष नहीं बचा है। मतदान से पहले सभी राजनीतिक दल वोटरों को लामबंद करने के लिए चुनावी सभाओं, रोड शो से लेकर सोशल मीडिया हर जगह एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। भाजपा के भी शीर्ष नेता चुनावी राज्यों का दौरा कर रहे हैं,वहीं कांग्रेस भी राज्य की खोई हुई सत्ता को वापस पाने की जद्दोजहद में जुटी है। इसी क्रम में आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने असम के लिए अपनी पार्टी की 'पांच गारंटियों' की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा पर भी कई गंभीर आरोप लगाए।
मल्लिकार्जुन खरगे ने भाजपा पर बोला हमला। (File photo)
चुनावी रैली में खरगे ने पांच गारंटियों का किया एलान
लखीमपुर जिले के नाओबोइचा में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी की 'पांच गारंटियों' का एलान किया। इनमें महिला कल्याण, सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा, भूमि अधिकार और जुबीन गर्ग मृत्यु मामले में न्याय पर जोर दिया गया है।
कांग्रेस की क्या हैं गारंटियां
- महिलाओं के बैंक खाते में बिना शर्त कैश ट्रांसफर, व्यवसाय के लिए महिलाओं को 50 हजार रुपए
- हर परिवार को 25 लाख रुपए का कैशलेस हेल्थ बीमा
- स्व. जुबिन गर्ग के मामले में 100 दिन के अंदर न्याय होगा
- 10 लाख खिलोंजिया भूमिपुत्रों को स्थायी पट्टा दिया जाएगा
- प्रदेश के बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रुपए की सहायता
इस दौरान उन्होंने राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि पार्टी के नेताओं के परिवार के सदस्य भी इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा असम में अपने 'दोहरे इंजन' का इस्तेमाल लूटपाट करने और दिल्ली में अपने नेताओं की तिजोरियां भरने के लिए कर रही है।
हिमंता बिस्वा सरमा हैं 'नकली' मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए खरगे ने कहा कि वह 'नकली' मुख्यमंत्री हैं, क्योंकि भाजपा ने 2021 के चुनाव सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में लड़े थे। लेकिन चुनाव के बाद, सरमा ने आदिवासी नेता सोनोवाल को हटाकर असम के मुख्यमंत्री की कुर्सी हथिया ली। उन्होंने राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर भी निशाना साधते हुए उस पर व्यापक भ्रष्टाचार में लिप्त होने और अपने नेताओं और उनके परिवारों की खजाने भरने के लिए काम करने का आरोप लगाया। उनहोंने यह भी आरोप लगाया कि सरमा की सरकार लोगों को डरा रही है, भय का माहौल बना रही है और राज्य की जनता को बांटने की कोशिश कर रही है।
'ये डबल इंजन नहीं, 'डबल लूट' की सरकार'
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि BJP और उसके सहयोगी दलों ने असम में करप्शन का जाल फैला दिया है, हर जगह सिर्फ रिश्वत की बातें हो रही हैं। भाजपा कहती है कि असम में 'डबल इंजन' की सरकार है, लेकिन असलियत में ये 'डबल लूट' की सरकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमंता बिस्वा सरमा असम के लोगों को डराता-धमकाता है। वो लोगों के मन में दहशत पैदा करता है कि अगर उसका साथ नहीं दिया, तो जेल भेज देगा। भाजपा के लोग देश को मनुवाद से चलाना चाहते हैं। हिमंता का मानना है कि दलित वर्ग सिर्फ सेवा करने के लिए पैदा हुआ है। इसलिए आपको एकजुट होकर ऐसे लोगों को सत्ता से बाहर करना है और जनता के लिए काम करने वाले लोगों को सत्ता में लेकर आना है।
खरगे ने दावा किया कि शंकर देव जी, भारत रत्न गोपीनाथ बारदोलोई जी से लेकर तरुण गोगोई जी जैसे लोगों ने असम को बनाने का काम किया है। बाबा साहेब अंबेडकर जी, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी, वल्लभ भाई पटेल जी, महात्मा गांधी जी जैसे लोग देश की आजादी के लिए लड़े। लेकिन BJP के लोग देश के लिए कभी नहीं लड़े, इन्होंने सिर्फ देश लूटने का काम किया है। BJP लोगों के बीच फूट डालने का काम करती है और कांग्रेस ने पूरे देश को एकजुट रखने का काम किया है।
