Assembly Elections 2023: पांचों चुनावी राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं। एग्जिट पोल भी सामने आ चुके हैं। रविवार यानी कल राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में मतगणना होगी और चुनावी नतीजे सामने आएंगे। वहीं चुनाव आयोग ने मेघायल की मतगणना की तारीख बदलकर 4 दिसंबर कर दी है। यहां सोमवार को नतीजे जारी होंगे। हालांकि, इस मतगणना से पहले कांग्रेस को उलटफेर का डर सताने लगा है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे
ऐसे में मतगणना से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभी चुनावी राज्यों के प्रभारियों और पर्यवेक्षकों को खास निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, खरगे सभी चुनावी प्रभारियों और राज्य के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में हैं और उनसे फोन पर बात की है। कहा गया है कि कोई भी प्रभारी मतगणना वाले दिन राज्य न छोड़े और जिसे जिस राज्य की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं रहें। उन्हें वोटों की गिनती पर नजर रखने को कहा गया है। खरगे से निर्देश प्राप्त होने के बाद डी.के. शिवकुमार कल हैदराबाद पहुंचेंगे और रणदीप सुरजेवाला भोपाल में डेरा जमाए हुए हैं।
कांग्रेस को किस बात का डर
दरअसल, चुनावी राज्य मध्य प्रदेश और राजस्थान में कांग्रेस और भजापा के बीच कांटे का मुकाबला है। यहां, सत्ता किसके हाथ में जा रही है, अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। ऐसे में कांग्रेस को डर है कि मतगणना के दौरान या इसके बाद भाजपा कोई खेल कर सकती है और मतों की गिनती में हेरफेर कर सकती है। ऐसे में सभी प्रभारियों को राज्य में ही रहने को कहा गया है।
एग्जिट पोल में कांटे का मुकाबला
पांचों राज्यों में मतदान के बाद एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। राजस्थान के एग्जिट पोल में भाजपा बढ़त में दिख रही है। हालांकि, कांग्रेस का दावा है कि जीत उसकी ही होगी। वहीं मध्य प्रदेश के लिए जारी अलग-अलग एग्जिट पोल में स्थिति स्पष्ट नहीं है। यहां हर विधानसभा क्षेत्र में टाइट फाइट देखी गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में कांग्रेस सरकार बनाती हुई दिख रही है। मिजोरम की बात करें तो यहां त्रिशंकु विधानसभा के आसार जताए गए हैं।
