UP Election 2022 Phase 6 Voting: उत्तर प्रदेश में छठे चरण में 54 फीसदी वोटिंग हुई, अंबेडकर नगर में सबसे अधिक 62% मतदान
UP Election 2022 Phase 6 Voting, UP Chunav 2022 Charan 6 Voting Percentage: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हुआ। मतदान सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक चला। इस चरण में अम्बेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया तथा बलिया समेत 10 जिलों की कुल 57 सीटों शामिल हैं।
UP Election 2022 Phase 6 Voting: इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से, स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (बांसी), बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी (इटवा), पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (फाजिलनगर) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (तमकुही राज) से चुनाव मैदान में हैं। इस चरण में एक करोड़ महिलाओं समेत करीब 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते थे। राज्य पुलिस के एक बयान के मुताबिक छठे चरण में मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी वाले क्षेत्र गोरखपुर सदर समेत नौ विधानसभा क्षेत्रों को 'संवेदनशील' माना गया है। इसके अनुसार इनमें बांसी, इटवा, डुमरियागंज, बलिया सदर, फेफना, बैरिया, सिकंदरपुर और बांसडीह भी शामिल हैं। वर्ष 2017 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव के छठे चरण में इन 57 सीटों में 46 सीटें भाजपा और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने जीती थी।
UP: छठे चरण में 54 फीसदी मतदान
उत्तर प्रदेश में छठे चरण करीब 54 फीसदी मतदान हुआ। चुनाव आयोग के रात आठ बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, छठे चरण में जिन 57 सीटों पर मतदान हुआ, उनमें 53.96 फीसदी मतदान हुआ। अंबेडकर नगर जिले में सबसे अधिक 62.22 प्रतिशत मतदान हुआ, उसके बाद महराजगंज में 57.77 प्रतिशत मतदान हुआ। बलरामपुर में सबसे कम 48.64 प्रतिशत मतदान हुआ, बलिया में 51.74 प्रतिशत, बस्ती में 54.79 प्रतिशत, देवरिया में 51.73 प्रतिशत, गोरखपुर में 54.02 प्रतिशत, कुशीनगर में 55.01 प्रतिशत, संत कबीर नगर में 54.39 प्रतिशत और सिद्धार्थनगर में 49.83 प्रतिशत मतदान हुआ।
शाम 5 बजे तक 53.31 फीसदी मतदान हुआ
यूपी में 3 बजे तक 46.70% मतदान
यूपी के 10 जिलों की 57 सीटों पर वोटिंग जारी है। 3 बजे तक 46.70 फीसदी मतदान हुआ है। अंबेडकर नगर में सबसे ज्यादा 52 फीसदी जबकि गोरखपुर में 46 फीसदी वोटिंग हुई है।
#UttarPradeshElections | 46.70% voters turnout recorded till 3 pm during ongoing polling across 10 districts in the sixth phase. pic.twitter.com/Z56Umw26Yy
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) March 3, 2022
1 बजे तक करीब 36 फीसद मतदान दर्ज
शिक्षा, स्वास्थ्य ही यूपी का मुख्य मुद्दा- प्रियंका गांधी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के जारी मतदान के बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रोजगार, महंगाई कम करने, शिक्षा, स्वास्थ्य की बेहतरी, किसानों की समृद्धि के मुद्दे पर वोट करने की अपील की है।प्रियंका गांधी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, उप्र के मेरे प्यारे बहनों-भाइयों आपके वोट से उप्र का भविष्य तय होना है, प्रदेश की आने वाली पीढ़ी का भविष्य तय होना है। अपने वोट की ताकत को पहचानें और रोजगार, महंगाई कम करने, शिक्षा, स्वास्थ्य की बेहतरी, किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण व प्रदेश की तरक्की के लिए वोट करें।प्रियंका गांधी से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सभी मतदाताओं से अपने वोट देने का आग्रह करते हुए कहा है कि एक-एक मत लोकतंत्र की ताकत है और सभी मतदाताओं को लोकतंत्र के इस उत्सव में शामिल जरूर होना चाहिए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज्यादा से ज्यादा मतदान करने की अपील करते हुए ट्वीट कर कहा, उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का उत्सव आज अपने छठे चरण में प्रवेश कर चुका है। सभी मतदाताओं से मेरा विनम्र आग्रह है कि वे अपने वोट के साथ इस उत्सव में जरूर शामिल हों। आपका एक-एक मत, लोकतंत्र की ताकत!
अगर चूके तो मेहनत पर फिर जाएगा पानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता से सरकार चुनने में सही निर्णय लेने की अपील करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि अगर इस घड़ी में चूक हुई तो पांच साल की मेहनत पर “पानी फिर जाएगा”।राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ स्थित प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 249 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह सात बजे ही बूथ पर पहुंचे मुख्यमंत्री अपने बूथ के पहले मतदाता भी बने।
मतदान करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में योगी ने जनता से सरकार चुनने में सही निर्णय करने की अपील की।उन्होंने कहा, “मेरी सरकार ने महिलाओं, पिछड़ों, दलितों, गरीबों और समाज के सभी वर्गों के लिए अभूतपूर्व कार्य करने का प्रयास किया है। आज निर्णय की घड़ी है कि हम कैसी सरकार चाहते हैं। माफियाओं, दंगाइयों का साथ देने वाले लोगों की सरकार या फिर ऐसी सरकार जिसने सुरक्षा, विकास, रोजगार व सुशासन की गारंटी दी है। निर्णय की इस घड़ी में हम चूके तो पांच वर्ष की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।”मुख्यमंत्री ने दावा किया कि छठे चरण में भाजपा जीत का जोरदार छक्का लगाकर 300 सीटें जीतने के लक्ष्य को प्राप्त करने की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा सातवें चरण में वर्ष 2017 की तुलना में वह (भाजपा) उससे बड़ी जीत का नया रिकॉर्ड बनाने जा रही है।
आरपीएन सिंह ने मताधिकार का किया इस्तेमाल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने वोट डाला। उन्होंने कहा कि बीजेपी की बंपर जीत होगी।
चुनावी घमासान पर संजय निषाद ने क्या कहा
निषाद पार्टी के संस्थापक संजय निषाद से जब उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सत्ता में आने पर कैबिनेट पद मिलने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उनका जवाब था कि जब बीजेपी एक साधारण चायवाले के बेटे को पीएम बना सकती है, तो पार्टी निषाद के बेटे को कुछ भी बना सकती है:
सुबह 9 बजे तक करीब 9 फीसद मतदान
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत बृहस्पतिवार को जारी मतदान के दौरान पूर्वाह्न नौ बजे तक करीब नौ फीसद लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।चुनाव के छठे चरण के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उम्मीदवारी वाले गोरखपुर सदर समेत 57 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया था।राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि चुनाव के छठे चरण के तहत मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक चलेगा। उन्होंने बताया कि पूर्वाह्न नौ बजे तक औसतन 8.69 फीसद मतदान हुआ है।
अंबेडकरनगर में 9.46 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा बलिया में 7.57, बलरामपुर में 8.13, बस्ती में 9.88, देवरिया में 8.39, गोरखपुर में 8.96, कुशीनगर में 9.64, महराजगंज में 8.90, संत कबीर नगर में 6.80 और सिद्धार्थ नगर में 8.28 प्रतिशत औसत मतदान हुआ है।इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर सदर), स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह (बांसी), बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी (इटवा), पूर्व श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य (फाजिलनगर) और कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (तमकुही राज) की भी प्रतिष्ठा दांव पर है।
शुक्ला ने बताया कि इस चरण में एक करोड़ महिलाओं समेत करीब 2.15 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। जो मतदाता मतदेय स्थलों पर शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इस चरण में 66 महिलाओं समेत कुल 676 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला होगा।
बलिया में दयाशंकर सिंह के काफिले पर हमला, सपा प्रत्याशी का भतीजा गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के दुबहर थाना क्षेत्र के अखार गांव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बलिया सदर विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार दयाशंकर सिंह पर हमला किए जाने के आरोप में सपा उम्मीदवार के भतीजे को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने बताया कि मामले में इस विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के उम्मीदवार नारद राय के समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर, राय के भतीजे को गिरफ्तार किया गया है।
दुबहर थाने के प्रभारी राज कुमार सिंह ने बताया कि भाजपा के बलिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार एवं पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की शिकायत पर देर रात सपा उम्मीदवार एवं पूर्व मंत्री नारद राय के अज्ञात समर्थकों के खिलाफ हमला करने, रास्ता रोकने, वाहन को क्षति पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने इस मामले में नारद राय के भतीजे आशीष राय को गिरफ्तार किया है।सिंह ने बताया कि दयाशंकर सिंह ने शिकायत में कहा कि वह बलिया सदर विधानसभा क्षेत्र के अखार गांव में रात साढ़े 11 बजे चुनाव प्रचार कर लौट रहे थे, तभी सपा उम्मीदवार नारद राय के समर्थकों ने उनका रास्ता रोका, हमला किया, वाहन को क्षतिग्रस्त किया तथा जान से मारने की धमकी दी। यह उनकी हत्या की बड़ी साजिश थी।उन्होंने बताया कि भाजपा उम्मीदवार सिंह ने घटना के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों को बताया कि राय समर्थक घटना के बाद अपना एक वाहन छोड़कर भाग गए हैं। वाहन मुख्तार अंसारी गिरोह का है।सिंह ने बताया कि भाजपा उम्मीदवार ने हाल ही उनकी पार्टी में शामिल हुए टुन जी पाठक के वाहन को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया है। पाठक, पहले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में थे।
जगदंबिका पाल ने किया मतदान
भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में सिद्धार्थनगर में मतदान किया। जगदंबिका पाल ने कहा, "आज लोकतंत्र का सबसे बड़ा दिन है, मेरी सबसे अपील है कि मतदान करें।
शुभावती शुक्ला ने मताधिकार का किया इस्तेमाल
गोरखपुर शहरी विधानसभा सीट से सीएम योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ रही समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार शुभावती शुक्ला ने छठे चरण में अपना वोट डाला।
'बीजेपी की होगी प्रचंड जीत'
उत्तर प्रदेश के मंत्री उपेंद्र तिवारी ने फेफना विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे बलिया के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा कि विश्वास है कि भाजपा जीतेगी। उपेंद्र तिवारी ने कहा कि विपक्षी दलों के दावे में दम नहीं है। जिस तरह की राजनीति की हिमायत करते रहे हैं उसे जनता ने नकार दिया है।
'इस दफा भी 300 की पार की सरकार'
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के छठे चरण में गोरखपुर के सेंट एंड्रयूज इंटर कॉलेज में बीजेपी सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला ने अपने परिवार के साथ वोट डाला.इस विधानसभा चुनाव में '300 की पार की सरकार' बनेगी।
'यूपी में बीजेपी की लहर'
बलिया से चुनाव लड़ रहे यूपी के मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने विधानसभा चुनाव के छठे चरण में वोट डाला। जनता से मतदान की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में बीजेपी और योगी आदित्यनाथ की लहर है. हमें विश्वास है कि हम 350 से अधिक सीटें जीतेंगे।
सभी 57 सीटों पर मतदान जारी
कड़ी सुरक्षा के बीच 6वें चरण की सभी 57 सीटों पर मतदान जारी है। वोट देने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनमत बीजेपी के पक्ष में है और अब हम रिकॉर्ड बनाने की लड़ाई में हैं।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया मतदान
सीएम योगी आदित्यनाथ सुबह सुबह मतदान केंद्र पर पहुंचे और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।चुनाव, लोकतंत्र का महापर्व है। इस महापर्व में आप सभी की सहभागिता अनिवार्य है। आपका एक-एक वोट अमूल्य है। आपका हर एक वोट उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश की प्रगति को नवीन दिशा देने वाला है।
57 सीटों पर मतदान शुरू
6वें चरण की सभी 57 सीटों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। गोरखपुर सदर सीट से योगी आदित्यनाथ समेत कई खास चेहरे अपनी किस्मत आजमां रहे हैं। गोरखपुर के डीएम विजय किरण आनंद ने कहा कि सभी बूथों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। हमारी मोबाइल टीम लगातार भ्रमण कर रही हैं और एरिया डोमिनेशन गतिविधियां लगातार चल रही है। कोविड को देखते हुए हर बूथ पर सेनेटाइजर होगा और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन करवाने की कोशिश होगी।
पूजा अर्चना के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा
6वें चरण में इन सीटों पर खास नजर
छठें चरण की 57 सीटों उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। इस चरण में 10 जिलों में वोटिंग होनी है। इसके तहत गोरखपुर, अंबेडकरनगर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीर नगर, महाराजगंज,कुशीनगर, देवरिया और बलिया जिलों में वोटिंग है। पिछली बार भाजपा को 57 में से 46 सीटों पर जीत मिली थी। इस बार अखिलेश यादव ब्राह्मण और ओबीसी कार्ड के जरिए योगी के गढ़ में चुनौती दे रहे हैं। इस चरण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा । गोरखपुर सदर, फाजिलनगर, तमकुहीराज, पथरदेवा, कटेहरी सीट खास है।
प्रयागराज के हंडिया में पुनर्मतदान
छठे चरण के साथ प्रयागराज जिले के हण्डिया विधानसभा क्षेत्र के मतदेय स्थल संख्या 311 पर पुनर्मतदान भी होगा। यहां पांचवें चरण के दौरान 27 फरवरी को हुए मतदान के बाद जरूरी दस्तावेज गुम हो जाने के कारण आयोग ने पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए थे।साल 2017 में हुए विधानसभा चुनाव के छठे चरण में इन 57 सीटों में 46 सीटें भाजपा और दो सीटें उसके सहयोगी दलों अपना दल (एस) और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) ने जीती थी। हालांकि सुभासपा इस बार समाजवादी पार्टी से गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है।राज्य की 403 विधानसभा सीटों पर सात चरणों में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में अब तक पांच चरणों में 292 सीटों पर मतदान हो चुका है और आखिरी दो चरणों में 111 सीटों पर मतदान होना बाकी है।
अब से कुछ देर बाद मतदान
उत्तर प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव के लिए छठे चरण का मतदान होना है। आज 10 जिलों की 57 सीटों पर वोटिंग होनी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर से चुनाव लड़ रहे हैं और आज यहां भी वोट डाले जाने हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा।


