बिहार सीएम नीतीश कुमार आज से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार के लिए मैदान में उतर गए, आज उन्होंने दो चुनावी कार्यक्रमों को संबोधित किया, इसी दौरान नीतीश कुमार मुजफ्फरपुर पहुंचे तो वहां का एक वीडियो वायरल हो गया। मुजफ्फरपुर की औराई सीट बीजेपी के खाते में है और यहां से बीजेपी ने अपनी महिला नेता रमा निषाद को टिकट दिया। मंच पर जब रमा निषाद आईं तो नीतीश कुमार उन्हें माला पहनाने लगे, नीतीश को माला पहनाने से रोकने के लिए उन्हीं की पार्टी जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा आगे आए, लेकिन नीतीश रुके नहीं और संजय झा को लगभग डपटते हुए रमा निषाद को माला पहना दिया। इसका वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है और तेजस्वी यादव समेत कई विपक्षी नेता इसे लेकर हमला बोल रहे हैं।
रमा निषाद को माला पहनाते हुए नीतीश कुमार
ये भी पढ़ें- Bihar Election: महागठबंधन से Exit की तैयारी में थे मुकेश सहनी, तभी राहुल गांधी ने कर दिया फोन और सलट गया मामला
नीतीश कुमार के वायरल वीडियो में क्या-क्या
नीतीश कुमार के सामने जब रमा निषाद आती हैं तो नीतीश अपने सहयोगी से माला मांगते हैं, वो भी लगभग डपटते हुए ही, रमा निषाद हाथ जोड़े खड़ी रहती हैं और संजय झा बगल से नीतीश के हाथ से माला लेने की कोशिश करते हैं, संजय झा बोलते हैं- हाथ में दे दीजिए। इसके बाद नीतीश, संजय झा की ओर देखते हैं और संजय झा हंसते हुए पीछे हो जाते हैं, नीतीश कुमार पहले राम निषाद के हाथ में माला देते हैं और फिर माला को गले में डाल देते हैं। इसके बाद नीतीश कुमार, संजय झा को लगभग डांट भी देते हैं, नीतीश कहते हैं- 'हाथ कह रहे हो, ई गजब आदमी है भाई'।
नीतीश कुमार का राजद पर हमला
नीतीश कुमार ने आज के चुनाव प्रचार के दौरान राजद और लालू प्रसाद पर तीखा हमला बोला और कहा कि उन्होंने सत्ता में रहते ‘‘महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया’’ तथा चारा घोटाले में आरोप पत्र दाखिल होने के बाद पद छोड़ने की नौबत आई तो अपनी पत्नी राबड़ी देवी को ही मुख्यमंत्री बना दिया। जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद अध्यक्ष को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि राजद के साथ दो बार हुए गठबंधन के अनुभव से वह ‘‘निराश’’ हो गए और अब राजग के साथ स्थायी रूप से बने रहने का संकल्प लिया है।
