बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election 2025) होने हैं और इसके लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में चुनावी सरगर्मी तो कई दिनों से तेज है। आरोप-प्रत्यारोप के साथ ही उद्घाटनों और शिलान्यास का दौर भी जारी है। SIR यानी Special Intensive Revision के मुद्दे पर राज्य में काफी खींचतान भी देखने को मिली है। अब आज यानी मंगलवार 30 सितंबर को राज्य निर्वाचन रजिस्टर (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नई मतदाता सूची जारी की जाएगी। चुनाव आयोग का यह कदम काफी अहम है, क्योंकि इसके साथ ही वोटर लिस्ट में नए नाम जोड़ने, सुधार करने और आपत्तियों की सुनवाई का काम पूरा हो जाएगा। हालांकि, चुनाव आयोग पहले ही यह भी साफ कर चुका है कि यह प्रक्रिया अधिसूचना जारी होने तक जारी रहेगी।
SIR के बाद आज जारी होगी बिहार में नई मतदाता सूची
क्यों जरूरी है नई वोटर लिस्ट?
नई वोटर लिस्ट का जारी होना सिर्फ औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह इस बात को भी सुनिश्चित करने का एक तरीका है कि हर एलिजिबल वोटर का नाम सही विवरण के साथ शामिल हो। जिन लोगों ने भी हाल के समय में अपने नाम वोटर लिस्ट में एड करने, गलतिया सुधारने या अन्य कोई शिकायत दर्ज करवाई थी, उन्हें अब बड़ी राहत मिलेगी। SIR के दौरान निर्वाचन आयोग ने लोगों को वोटर लिस्ट में अपने नाम जोड़ने और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया था। उन सभी आपत्तियों का निपटारा करके अब अपडेटिड लिस्ट जारी की जाएगी।
वोटर लिस्ट में नाम नहीं है या गलत है तो क्या करें?
SIR के बाद भले ही आज वोटर लिस्ट जारी हो रही हो, लेकिन अब भी कुछ गलतियां हो सकती हैं। अगर वोटर लिस्ट में किसी वोटर का नाम या अन्य कोई जानकारी गलत दर्ज है तो परेशान न हों। इसे सुधारने के लिए आप बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। अगर वोटर लिस्ट में नाम जोड़ना है तो फॉर्म-6 और वोटर लिस्ट में नाम या अन्य विवरण में गलती को सुधारना है तो फॉर्म-8 भरके उसे सुधारा जा सकता है।
चुनाव आयोग ने साफ किया है कि वोटर लिस्ट में सुधार की यह प्रक्रिया तब तक चलती रहेगी, जब तक विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी नहीं हो जाती। इसका मतलब ये है कि मतदाता सूची को अंतिम रूप तभी मिलेगा जब चुनाव की तारीखों की घोषणा होगी। तब तक हर नागरिक को अपने नाम और अन्य जानकारी की पुष्टि करने का अवसर रहेगा।
वोटर लिस्ट में अपना नाम ऑनलाइन कैसे देखें?
अब आप अपने घर बैठे ही वोटर लिस्ट में अपना नाम और अन्य जानकारियों को ऑनलाइन देख सकते हैं और अगर कोई गड़बड़ी हो तो उसमें समय रहते सुधार कर सकते हैं। वोटर लिस्ट में अपना नाम ऑनलाइन देखने के लिए -
राष्ट्रीय मतदाता सेवा पोर्टल को अपने फोन, टैबलेट या कंप्यूटर पर खोलें
- अब Search in Electoral Roll ऑप्शन पर क्लिक करके आगे बढ़ें
- अब आप अपना मतदाता पहचान पत्र (EPIC नंबर) या नाम, पिता/पति का नाम और जन्मतिथि जैसी जानकारी भरकर अपनी जानकारी खोज सकते हैं
- यही नहीं राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए भी इस सुविधा का लाफ उठा सकते हैं।
