Bengal Election 2026: बंगाल में साइलेंट बैटल: शोर नहीं, मार्जिन की माइक्रो पॉलिटिक्स करेगी फैसला

पश्चिम बंगाल की राजनीति पहली नजर में भले ही एकतरफा लगती हो, लेकिन आंकड़ों की गहराई में उतरते ही तस्वीर कहीं ज्यादा जटिल और दिलचस्प हो जाती है। यहां मुकाबला लहर का नहीं, बल्कि बेहद महीन अंतर का है—जहां कुछ हजार वोटों का झुकाव सत्ता की दिशा बदल सकता है।

चुनावी जीत सिर्फ कुल वोटों से तय नहीं होती, बल्कि इस बात से तय होती है कि किस सीट पर कितना अंतर बनाया गया। आंकड़े बताते हैं कि तृणमूल कांग्रेस के पास 114 ऐसी सीटें हैं जहां जीत का अंतर 10 प्रतिशत से ज्यादा है, जबकि भारतीय जनता पार्टी के पास ऐसी सीटें सिर्फ 35 हैं। इसका मतलब साफ है-तृणमूल कई जगहों पर भारी अंतर से जीत दर्ज करती है, जबकि बीजेपी कई सीटों पर मामूली अंतर से हारती रही है। यही अंतर अब रणनीति का केंद्र बन गया है।

bengal election

चार को आएंगे बंगाल चुनाव के नतीजे।

‘व्यर्थ वोट’ का खेल

चुनावी गणित में एक अहम पहलू “वेस्टेड वोट” यानी जरूरत से ज्यादा अंतर में पड़े वोट भी हैं। 2024 के आंकड़ों के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के करीब 55.8 लाख वोट ऐसे थे जो जरूरत से ज्यादा अंतर में चले गए, जबकि बीजेपी के लिए यह आंकड़ा 11.9 लाख रहा। 2021 में भी यही रुझान दिखा था—तृणमूल के 65 लाख और बीजेपी के 5.5 लाख वोट “अतिरिक्त” रहे। यानी एक तरफ अधिकतम अंतर से जीतने की रणनीति, तो दूसरी तरफ सिर्फ जरूरी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने की कोशिश—यही दोनों दलों की रणनीतिक सोच का फर्क दिखाता है |

असली रणभूमि: 58 सीटें

राजनीतिक समीकरणों का असली खेल उन करीब 58 सीटों पर है, जहां मुकाबला बेहद करीबी है। अनुमान है कि यदि सिर्फ 1.92 लाख वोटों का झुकाव बदल जाए, तो इन सीटों का परिणाम पलट सकता है—और इसके साथ ही सत्ता का संतुलन भी।

मतदाता सूची और आरोप-प्रत्यारोप

मतदाता सूची में विशेष गहन संशोधन के बाद करीब 91 लाख नाम हटाए जाने का मुद्दा भी सियासी बहस के केंद्र में है। तृणमूल कांग्रेस इसे गड़बड़ी बताते हुए आरोप लगा रही है कि खास समुदायों के वोट काटे गए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह को खुली चुनौती देते हुए इस पर जवाब मांगा है। वहीं बीजेपी इस प्रक्रिया को पारदर्शिता की दिशा में कदम बता रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि अन्य राज्यों में भी ऐसी प्रक्रिया हुई, लेकिन आपत्ति सिर्फ बंगाल में उठाई जा रही है।

मुद्दे बनाम नैरेटिव

बीजेपी का दावा है कि राज्य में भ्रष्टाचार, भर्ती घोटाले, ‘कटमनी’ और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर असंतोष है। पार्टी इन मुद्दों को चुनावी एजेंडा बनाने की कोशिश में है।

वहीं तृणमूल कांग्रेस इन आरोपों को “राजनीतिक धुआं” करार देते हुए खारिज कर रही है।

End of Feed