बारामती उपचुनाव: ऐतिहासिक जीत की ओर सुनेत्रा पवार, करीब 2 लाख वोट हासिल किए, जीत के जश्न से दूरी

Sunetra Pawar: सुनेत्रा पवार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। वह भारी जीत की ओर अग्रसर हैं। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं।

Baramati Bypoll Result: महाराष्ट्र की बारामती सीट पर विधानसभा उपचुनाव में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की जीत की प्रबल संभावनाओं के बीच उनके पुत्र जय पवार ने उनकी मां पर भरोसा जताने के लिए मतदाताओं को सोमवार को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने समर्थकों से आग्रह किया कि परिणाम घोषित होने के बाद भी वे जश्न मनाने से बचें। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, मतगणना के 21वें चरण के अंत में एनसीपी प्रमुख सुनेत्रा पवार ने 1,88,923 वोट हासिल किए और अपने 22 प्रतिद्वंद्वियों पर निर्णायक बढ़त बना ली। उनके प्रतिद्वंद्वियों में से सभी उम्मीदवार 1000 से कम मत हासिल कर सके।

अजित पवार के निधन के बाद उपचुनाव

गत 28 जनवरी को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख अजित पवार की पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास एक विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद इस सीट पर उपचुनाव आवश्यक हो गया था। सुनेत्रा पवार पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही हैं। वह भारी जीत की ओर अग्रसर हैं। किसी भी प्रमुख राजनीतिक दल ने उनके खिलाफ उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। जय पवार ने बारामती में पत्रकारों से कहा, हममें से कोई भी इस तरह का चुनाव नहीं चाहता था। पड़ोसी भोर तहसील में भी एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी है (जहां एक चार-वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार और हत्या कर दी गई)। हम इस जीत का जश्न नहीं मनाना चाहते।

End of Feed