गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में विधायक दल के नेता (Leader of the Legislature Party) के चुनाव के लिए पर्यवेक्षक (Observer) नियुक्त किया गया है। पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की शानदार जीत के बाद, पार्टी ने सांगठनिक मजबूती के लिए प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्ड (फाइल फोटो)
वहीं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा को असम के लिए विधायक दल के नेता के चयन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में संगठनात्मक मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को विजय मंत्र दिया था। अमित शाह ने बंगाल में टीएमसी की हार को 'डर और तुष्टीकरण' के खिलाफ जनादेश बताया है।
बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार
यह निर्णय 2026 के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद सरकार गठन और सांगठनिक नेतृत्व को तय करने के लिए लिया गया है। बंगाल के इतिहास में पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। BJP प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के मुताबिक नई सरकार का शपथग्रहण 9 मई को होगा। इसी दिन रवींद्र नाथ टैगोर की 165वीं जयंती है।
बंगाल में बीजेपी जीती है 206 सीटें
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सोमवार को 206 सीटें जीतकर दो-तिहाई से अधिक बहुमत हासिल कर इतिहास रच दिया और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन का अंत कर दिया। पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 148 है। हालांकि, फाल्टा में मतदान रद्द होने के कारण 293 निर्वाचन क्षेत्रों के मतों की गिनती हुई और इस वजह से फिलहाल बहुमत का आंकड़ा 147 है। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों में सेंध लगाई और शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में अपना जनाधार बढ़ाया। इस जीत के साथ, भाजपा राज्य में पहली बार सरकार बनाएगी। निर्वाचन आयोग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, भाजपा ने 206 सीटें जीत लीं हैं।
बंगाल में बढ़ता गया भाजपा का जनाधार
वर्ष 2011 में लगभग चार प्रतिशत के मामूली वोट शेयर से, भाजपा 2019 में लगभग 40 प्रतिशत तक पहुंच गई और फिर 2021 के विधानसभा चुनावों में 77 सीटें हासिल करके वामपंथी और कांग्रेस को पछाड़ते हुए टीएमसी के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी के रूप में उभरी।
असम में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की
असम विधानसभा चुनाव का रिजल्ट आ चुका है। असम में भाजपा ने प्रचंड जीत हासिल की है और सत्ता अपने पास बरकरार रखी है। असम में भाजपा ने 82 सीटों पर जीत हासिल की है। वहीं विपक्षी पार्टी कांग्रेस सिर्फ 19 सीटें जीत पाई है।
