नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी की गुजरात में ऐतिहासिक जीत कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक हार बन गई। 182 सीटों वाली गुजरात विधानसभा में कांग्रेस पार्टी 27.27 प्रतिशत वोट के साथ केवल 17 सीटों पर जीत हासिल कर सकी और लोकसभा के बाद गुजरात विधानसभा में भी आधिकारिक तौर पर विपक्ष का दर्जा गंवा दिया। वहीं दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश में भाजपा को पटखनी देकर कांग्रेस पार्टी सत्ता में पांच साल बाद वापसी करने में सफल रही है। हिमाचल में कांग्रेस ने 68 में से 40 सीट हासिल की वहीं भाजपा के खाते में 25 सीटें आईं।
आचार्य प्रमोद कृष्णम( साभार ANI)
गुजरात में कांग्रेस की बदहाली के बाद कांग्रेस नेता प्रमोद कृष्णम ने गुजरात चुनावों के प्रभारी रहे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर ट्वीट करके तंज कसा है। कृष्णम ने ट्वीट करके कहा, युवा नेता सचिन पायलट हिमाचल प्रदेश के ऑब्जर्वर थे और हमारे अनुभवी नेता अशोक गहलोत जी गुजरात के, आगे मुझे कुछ नहीं कहना है।
युवा नेता @SachinPilot हिमाचल के ऑब्ज़र्बर थे और हमारे अनुभवी नेता @ashokgehlot51 जी “गुजरात” के, आगे मुझे कुछ नहीं कहना. undefined
— ANI (@ANI) Dec 8, 2022
गहलोत बनाम पायलट जंग को दी हवा
प्रमोद कृष्णम ने गहलोत बनाम पायलट जंग को एकबार फिर हवा दे दी है। दोनों में से काबिल नेता कौन है ये बात इशारो में बताने की कोशिश कृष्णम ने की है। उन्होंने साफ शब्दों में यह कह दिया कि एक युवा नेता को हिमाचल चुनाव की जिम्मेदारी दी गई पार्टी को वहां जीत मिली। वहीं अनुभवी नेता को गुजरात जैसे अहम राज्य का जिम्मा दिया गया वहां पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया।राजस्थान को लेकर दिखाया आईनाअगले साल राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव होने हैं। एक साल बाद राजस्थान में एक बार फिर जनता फैसला करेगी कि किस पार्टी का राज राजस्थान में चलेगा। ऐसे में पार्टी को आईना दिखाने से प्रमोद कृष्णम नहीं चुके। उन्होंने इशारों में पार्टी आला कमान को आईना दिखा दिया है कि जनता की पसंद क्या है। अगर इस बात को और नजर अंदाज किया गया तो पार्टी को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में गंभीर परिणामों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा।
