Spain Study Visa Rule for Indian Students: यूरोप में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए स्पेन भारतीय छात्रों के पसंदीदा गंतव्यों में से एक है। अपनी विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटीज, समृद्ध संस्कृति और तुलनात्मक रूप से किफायती जीवनशैली के कारण हर साल हजारों भारतीय विद्यार्थी स्पेन का रुख करते हैं। ऐसे में कई छात्र ऐसे भी हैं, जो एडमिशन मिलने के बाद भी स्पेन से शिक्षा प्राप्त नहीं कर पाते हैं, क्योंकि उन्हें वीजा नहीं मिल पाता है। जी हां स्पेन के किसी भी शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश लेने ही वहां पढ़ने के लिए काफी नहीं है, वीजा मिलना भी अनिवार्य है।
Spain Study Visa Rule for Indian Students (Photo - AI)
यदि आप भी स्पेन के किसी प्रतिष्ठित संस्थान में ग्रेजुएशन, पोस्टग्रेजुएशन और रिसर्च यानी पीएचडी के लिए जाने की योजना बना रहे हैं, तो वहां का स्टडी वीजा (Type D - Visado de Larga Estancia) प्राप्त करना प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण कदम है। स्पेनिश इमिग्रेशन (Immigration) नियमों के तहत आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी लेकिन सख्त रखा गया है। ऐसे में समय रहते नियमों की सही जानकारी होना और आवेदन में सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। तो आइए विस्तार में जानते हैं नियमों के बारे में।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Philippines में भारतीय छात्रों के लिए पढ़ाई को लेकर क्या है नियम? जानें पार्ट-टाइम काम करने की अनुमति है या नहीं
स्पेन स्टूडेंट वीजा के लिए मुख्य नियम और एलिजिबिलिटी
Spain Study Visa Rule for Indian Students (Photo - AI/ Newsroom Verified)
- स्पेनिश सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या शैक्षणिक संस्थान से प्राप्त ऑफर लेटर या एनरोलमेंट सर्टिफिकेट अनिवार्य है। इसमें कोर्स की अवधि और साप्ताहिक स्टडी आवर्स (कम से कम 20 घंटे/सप्ताह) का स्पष्ट उल्लेख होना चाहिए।
- छात्र को यह साबित करना होता है कि उसके पास रहने और खाने-पीने का खर्च उठाने के लिए पर्याप्त फंड मौजूद है। स्पेन के IPREM इंडेक्स के अनुसार, आमतौर पर कम से कम €600 से €800 (लगभग 55,000 से 72,000 रुपये) प्रतिमाह के हिसाब से बैंक बैलेंस दिखाना आवश्यक है। इसके लिए 6 महीने का बैंक स्टेटमेंट या स्कॉलरशिप लेटर सबमिट किया जा सकता है।
- स्पेन में पढ़ाई के दौरान 100% कवरेज देने वाली प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी होनी चाहिए, जिसमें कोई को-पेमेंट (Co-pay) या डिडक्टिबल न हो।
- भारत के पासपोर्ट सेवा केंद्र से जारी PCC- पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट और रजिस्टर्ड डॉक्टर द्वारा जारी मेडिकल सर्टिफिकेट जमा करना अनिवार्य है। ध्यान दें कि PCC पर विदेश मंत्रालय (MEA) की 'एपॉस्टिल' मुहर लगी होनी चाहिए।
वीजा आवेदन के मुख्य चरण
चरण 1 - स्पेनिश यूनिवर्सिटी से स्वीकृति पत्र (Admission Letter) प्राप्त करें। |
चरण 2 - PCC बनवाएं, उस पर एपॉस्टिल करवाएं और आधिकारिक अनुवादक से स्पेनिश में अनुवाद कराएं। |
चरण 3 - BLS इंटरनेशनल सेंटर (दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु आदि) में वीजा अपॉइंटमेंट बुक करें। |
चरण 4 - बायोमेट्रिक और सभी मूल दस्तावेजों के साथ आवेदन पत्र व फीस जमा करें। |
चरण 5 - स्पेन पहुंचने के 30 दिनों के भीतर स्थानीय पुलिस स्टेशन से TIE (रेजिडेंस कार्ड) के लिए आवेदन करें। |
अप्लाई करते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
छात्रों को बता दें कि वीजा प्रोसेसिंग में आमतौर पर 3 से 6 सप्ताह का समय लगता है। इसलिए कोर्स शुरू होने से कम से कम 2 से 3 महीने पहले आवेदन प्रक्रिया शुरू कर लें, नहीं तो बाद में दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। इसके साथ ही आपको बता दें कि आपके द्वारा दिए गए सारे दस्तावेजों का आधिकारिक स्पेनिश अनुवाद यानी ट्रांस्लेशन ही स्वीकार किया जाता है, इसलिए छात्रों को इसका भी विशेष ध्यान रखना अनिवार्य है।
क्या स्टडी वीजा पर काम कर सकते हैं?
यह वीजा पॉलिसी का सबसे महत्वपूर्ण नियम है। क्योंकि आपका वीजा स्टडी यानी पढ़ाई के लिए है तो इस पर काम करने की अनुमति नहीं होती है। लेकिन आपको बता दें कि यूरोप में छात्रों के लिए पार्ट टाइम काम करने का नियम है, जिसके लिए सख्त नियम है। अगर आप स्टूडेंट वीजा पर हैं तो आपको सप्ताह में केवल 20 से 30 घंटे ही काम करने की अनुमति है। वहीं छुट्टियों के दौरान आप फुल टाइम भी काम कर सकते हैं। पार्ट टाइम जॉब प्राप्त करने से पहले आपको सलाह है कि आप इस संबंध में नियमों को ध्यान से पढ़ें और उसका पालन करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - यूरोप में Schengen Countries का क्या अर्थ है, जानें मुख्य विशेषताएं
वित्तीय कारण बन सकता है आवेदन खारिज होने की वजह?
स्पेन में पढ़ाई करना भारतीय छात्रों के लिए करियर के नए दरवाजे खोलता है। हालांकि, वीजा प्रक्रिया में किसी भी दस्तावेज की कमी या वित्तीय विवरणों में अनिश्चितता आवेदन खारिज होने का कारण बन सकती है। यदि आप सभी चेकलिस्ट को ध्यान से पूरा करते हैं और आधिकारिक दूतावास / BLS गाइडलाइन का पालन करते हैं, तो स्पेनिश स्टूडेंट वीजा प्राप्त कर अपने करियर को एक नई उड़ान दे सकते हैं।
