उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी UPTET 2026 का रिजल्ट हाल ही में जारी किया गया। इस लिखित परीक्षा का आयोजन तीन दिनों तक पांच शिफ्टों में किया गया। यह परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो शिफ्ट में और 4 जुलाई को एक शिफ्ट में आयोजित हुई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 60 जिलों के 955 केंद्र बनाए गए थे। आयोग द्वारा जारी डाटा के अनुसार, प्राइमरी लेवल की परीक्षा में 80.07% उम्मीदवार पास हुए, जबकि अपर-प्राइमरी लेवल की परीक्षा में 71.85% उम्मीदवार क्वालिफाई हुए। प्राइमरी लेवल पर परीक्षा में शामिल 7,13,648 उम्मीदवारों में से 5,71,435 को सफल घोषित किया गया, जबकि अपर-प्राइमरी लेवल पर 10,57,021 उम्मीदवारों में से 7,59,513 क्वालिफाई हुए। यानी साफ है कि परीक्षा पास न कर पाने वाले उम्मीदवारों की एक बहुत बड़ी संख्या अपने भविष्य को लेकर चिंता में है। उनके जहन में सवाल है कि अब उनके पास क्या रास्ता है? लेकिन इससे पहले यूपीटेट क्या है? इसे समझते हैं और इसमें पेपर 1 और पेपर 2 क्या होता है, इस बारे में भी जानेंगे
UPTET यानी 'उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा' राज्य में शिक्षक बनने की पात्रता जांचने वाली परीक्षा है। इसे उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से आयोजित किया जाता है। इस परीक्षा में मुख्य रूप से दो पेपर होते हैं। पेपर 1 कक्षा 1 से 5 तक के शिक्षक बनने की पात्रता के लिए होता है, जबकि पेपर 2 कक्षा 6 से 8 तक पढ़ाने के लिए होता है। सरल शब्दों में कहें तो UPTET पास करने के बाद अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश में होने वाली संबंधित शिक्षक भर्तियों आवेदन कर सकता है। ध्यान रहे, सिर्फ UPTET पास करने से सीधे सरकारी शिक्षक की नौकरी नहीं मिलती। नौकरी के लिए संबंधित भर्ती की बाकी शर्तें और चयन प्रक्रिया भी पूरी करनी होती है।
UPTET 2026
इस बार परीक्षा में करीब 20 लाख (वास्तविक संख्या 19,94,661) अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 17,70,714 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए यानी करीब 88.77 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। दोनों स्तरों (Paper 1 & 2) के आंकड़ों को मिलाकर 13,30,948 उम्मीदवार सफल हुए हैं। जबकि दूसरी तरफ लाखों छात्रों का रिजल्ट मनमुताबिक नहीं आया। डेटा के अनुसार, सवा चार लाख से भी ज्यादा उम्मीदवारों को असफलता का मुंह देखना पड़ा। ऐसे में उन सभी के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि अब उनके पास क्या रास्ता है?
UPTET 2026 में कितने उम्मीदवार फेल हुए?
यहां आंकड़ों को थोड़ा ध्यान से समझना जरूरी है। परीक्षा में शामिल हुए 17,70,714 अभ्यर्थियों में से दोनों पेपरों के स्तर पर कुल 13,30,948 उम्मीदवार सफल हुए। इस हिसाब से करीब 4,39,766 परीक्षा-उपस्थितियां ऐसी रहीं, जिनमें उम्मीदवार संबंधित पेपर में सफल नहीं हो सके। हालांकि इसे सीधे सीधे यह कहना सही नहीं होगा कि '4,39,766' लोग फेल हो गए, क्योंकि कुछ उम्मीदवारों ने पेपर 1 और पेपर 2 दोनों दिए थे। इसलिए आंकड़ों के आधार पर पेपर-स्तर पर सफल और असफल उम्मीदवारों को समझना ज्यादा सही है।
- पेपर 1 में 7,13,648 उम्मीदवारों में से 5,71,435 पास हुए। यानी करीब 1,42,213 उम्मीदवार इस स्तर पर सफल नहीं हो सके।
- पेपर 2 में 10,57,021 उम्मीदवारों में से 7,59,513 पास हुए। यानी करीब 2,97,508 उम्मीदवार इस स्तर पर सफल नहीं हुए। ये आंकड़े संबंधित पेपर में शामिल उम्मीदवारों के आधार पर हैं।
UPTET 2026
फेल उम्मीदवारों के लिए अब क्या विकल्प है?
UPTET में सफल नहीं हो पाने का मतलब यह नहीं है कि उम्मीदवार का शिक्षक बनने का रास्ता हमेशा के लिए बंद हो गया। सबसे सीधा विकल्प अगली UPTET परीक्षा की तैयारी करना है, और चूंकि आप इस परीक्षा में भाग ले चुके हैं, तो अब आप अनुभवी हैं, या यूं कहें कि अब आप पेपर से परिचित हो चुके हैं। इस अनुभव के साथ दोबारा पेपर की तैयारी करें, स्ट्रेटजी और अच्छी बनाएं, हो सके तो पास उम्मीदवारों से संपर्क करें और उनसे टिप्स जानें।
एक समझदार अभ्यर्थी वही है जो असफलता से सीखना जानता है। इसलिए जिन उम्मीदवारों का इस बार परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा, वे अपनी गलतियों पर काम करें। खास तौर पर जिस विषय या हिस्से में कम अंक आए हैं, उस पर ज्यादा ध्यान देना फायदेमंद रहेगा। UPTET पास नहीं करने वाले उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा देने का रास्ता खुला रहता है। अगली परीक्षा की अधिसूचना जारी होने पर उम्मीदवार अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकेंगे।
TET की वैधता अब जीवनभर
जो उम्मीदवार पहले ही UPTET पास कर चुके हैं, उनके लिए एक महत्वपूर्ण नियम यह है कि TET पात्रता प्रमाणपत्र की वैधता अब जीवनभर है। NCTE ने 2021 में TET प्रमाणपत्र की वैधता को लाइफटाइम करने का फैसला किया था।
UPTET 2026
पहले से नौकरी कर रहे शिक्षकों के लिए नियम
UPTET 2026 के रिजल्ट में बड़ी संख्या में पहले से काम कर रहे शिक्षकों ने भी परीक्षा दी थी। प्राथमिक स्तर पर 1,22,405 कार्यरत शिक्षक परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 93,387 सफल रहे। उच्च प्राथमिक स्तर पर 1,46,394 कार्यरत शिक्षक शामिल हुए और 1,13,384 सफल हुए। दोनों स्तरों को मिलाकर 2,68,799 कार्यरत शिक्षकों में 2,06,771 सफल रहे। इसका मतलब करीब 62 हजार कार्यरत शिक्षक इस परीक्षा में सफल नहीं हो सके।
इन शिक्षकों का मामला सामान्य अभ्यर्थियों से अलग है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के 2025 के फैसले में सेवा में पहले से मौजूद शिक्षकों के लिए TET से जुड़े अलग नियम बताए गए हैं। जिन शिक्षकों की सेवा में पांच साल से ज्यादा समय बाकी है, उन्हें TET पास करने के लिए समय दिया गया है। वहीं, जिनकी सेवा में पांच साल से कम समय बाकी है, उन्हें कुछ परिस्थितियों में बिना TET पास किए सेवा में बने रहने की अनुमति दी गई है, लेकिन प्रमोशन के लिए TET जरूरी हो सकता है।
इसलिए यदि कार्यरत शिक्षक UPTET 2026 में फेल हो गया है, तो उसकी नौकरी जाने का डर नहीं होगा। हां, उसे निर्धारित समय में परीक्षा को पास करना होगा।
