Up Assistant Teacher Recruitment 2026 Application Window Last Date Extended: उत्तर प्रदेश में सहायक अध्यापक बनने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए राहत भरी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने सहायक अध्यापक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख बढ़ा दी है। अब योग्य उम्मीदवार 4 नवंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। पहले आवेदन की आखिरी तारीख 28 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। इस भर्ती के तहत, शहरी क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक स्कूलों में 11,508 पद और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के संबद्ध प्राथमिक विभाग में 897 पद भरे जाने हैं। कुल मिलाकर 12,405 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं।
यूपी में 12,405 सहायक अध्यापक पदों पर आवेदन के लिए मिला अतिरिक्त मौका (Image- AI Generated/Newsroom Verified)
इस भर्ती में शैक्षणिक योग्यता को लेकर भी अहम बदलाव किया गया है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आयोग ने चार वर्षीय बैचलर ऑफ एलिमेंट्री एजुकेशन (B.El.Ed) और भारतीय पुनर्वास परिषद (RCI) से मान्यता प्राप्त दो वर्षीय डिप्लोमा इन स्पेशल एजुकेशन करने वाले अभ्यर्थियों को भी आवेदन का मौका दिया है।
इससे पहले इन योग्यताओं वाले उम्मीदवारों को 897 पदों वाली भर्ती में शामिल करने को लेकर मामला सामने आया था। कोर्ट ने आयोग को भर्ती की शर्तों में जरूरी बदलाव करने और समान योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर देने के निर्देश दिए थे।
कब तक कर सकेंगे आवेदन में सुधार
उम्मीदवारों को आवेदन फॉर्म में गलती सुधारने के लिए भी अतिरिक्त समय दिया गया है। आयोग के मुताबिक, अभ्यर्थी 7 नवंबर 2026 तक अपने ऑनलाइन आवेदन में जरूरी संशोधन कर सकते हैं।
| विवरण | तारीख/पद |
| परिषदीय प्राथमिक स्कूलों के पद | 11,508 |
| संबद्ध प्राइमरी विभाग के पद | 897 |
| कुल पद | 12,405 |
| आवेदन की अंतिम तारीख | 4 नवंबर 2026 |
| आवेदन में सुधार की अंतिम तारीख | 7 नवंबर 2026 |
| लिखित परीक्षा | 3 और 4 दिसंबर 2026 |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP में हाईस्कूल स्तर के प्रधानाध्यापक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
कब होगी लिखित परीक्षा
आवेदन की तारीख बढ़ने के बावजूद लिखित परीक्षा के कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। परीक्षा पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार 3 और 4 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UP TGT के 17,735 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी
