यूपी आंगनवाड़ी भर्ती 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री और सहायिका के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभिन्न जिलों के लिए अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की जा रही हैं और पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन मांगे जा रहे हैं। राज्य में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 7,068 और सहायिका के 21,540 संविदा पदों पर भर्ती की जाएगी। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग ने सभी जिलों के जिला कार्यक्रम अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं।
यूपी आंगनवाड़ी भर्ती 2026
विभाग की निदेशक हसीता माथुर ने जिलों से रिक्त पदों का अद्यतन विवरण जुटाने को कहा है। साथ ही अप्रैल 2026 में 62 वर्ष की आयु पूरी कर सेवानिवृत्त हुई आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के खाली हुए पदों का जिलावार ब्योरा भी मांगा गया है। इन पदों पर भी जल्द भर्ती शुरू किए जाने की तैयारी है। गौरतलब है कि गाजीपुर, हाथरस, कौशांबी, मैनपुरी, पीलीभीत और वाराणसी समेत छह जिलों में वर्ष 2024 से आंगनबाड़ी भर्ती की चयन प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है। इन जिलों में पिछले दो वर्षों से भर्ती लंबित रहने का मामला सामने आया है, जिसके बाद विभाग ने प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी जिलों में रिक्तियों की सूची सार्वजनिक की जाएगी। यह सूची कलेक्ट्रेट, विकास भवन, तहसील और विकास खंड कार्यालयों सहित प्रमुख सरकारी स्थलों पर चस्पा की जाएगी। इसके अलावा स्थानीय समाचार पत्रों में विज्ञापन प्रकाशित किए जाएंगे और विभागीय पोर्टल पर भी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - माइग्रेशन सर्टिफिकेट क्या होता है और इसकी जरूरत कब पड़ती है, स्कूल-कॉलेज छोड़ने से जरूर ले लें ये डॉक्यूमेंट?
आवेदन की पात्रता
भर्ती प्रक्रिया के तहत केवल महिला उम्मीदवार आवेदन कर सकती हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं (इंटरमीडिएट) पास निर्धारित की गई है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का संबंधित ग्राम पंचायत, वार्ड या क्षेत्र का स्थानीय निवासी होना भी आवश्यक है। विभिन्न जिलों में रिक्त पदों की संख्या अलग-अलग निर्धारित की गई है।
कौन से डॉक्यूमेंट होंगे जरूरी
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को अपने जिले की भर्ती अधिसूचना के अनुसार आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार का फोटो तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें -ISC Revaluation Result 2026: CISCE ने 12वीं का रिवैल्यूएशन रिजल्ट किया जारी, यहां चेक करें रिवाइज्ड मार्क्स
कैसे होगा चयन
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भर्ती में किसी लिखित परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा। चयन प्रक्रिया मुख्य रूप से शैक्षणिक अंकों और निर्धारित पात्रता मानकों के आधार पर की जाएगी। मेरिट सूची तैयार होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की जाएगी।
