SSC CHSL Tier 1 Exam Schedule: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने सीएचएसल भर्ती टियर (SSC CHSL Tier 1 Exam Date) 1 की तारीखों की घोषणा कर दी है। 12 नवंबर 2025 को परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट या फिर CBT मोड में कराई जाएंगी। CHSL टियर 1 परीक्षा इससे पहले 8 से लेकर 18 सितंबर के लिए निर्धारित की गई थीं मगर आयोजित नहीं हुईं। इस बार उम्मीदवार अपने हिसाब से परीक्षा की तिथि, शहर और शिफ्ट चुन सकेंगे। 22 अक्तूबर से लेकर 28 अक्तूबर के बीच एसएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वे अपने हिसाब से चुनाव कर सकते हैं।
आयोग देगा ये सुविधा
अगर आपके चुने हुए शहरों में सभी स्लॉट फुल हो जाते हैं तो आयोग आपको कुछ अन्य शहरों की लिस्ट देगा, जहां पर स्लॉट खाली होंगे। यहां आयोग की कोशिश होगी कि वैकल्पिक शहरों में से किसी एक में एग्जाम स्लॉट मिले मगर फिर परीक्षा की तिथि और शिफ्ट तय होने की कोई गारंटी नहीं दी जा सकती।
सोच समझकर आवेदन करें परीक्षार्थी
आयोग ने साफतौर पर कहा है कि उम्मीदवारों को तय समय के अंदर परीक्षा, तिथि, शहर और पाली चुनना होगा। अगर वे ये सब तय समय के अंदर नहीं करते हैं तो ये माना जाएगा कि वे परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहते हैं। साथ ही परीक्षार्थी एक बार एग्जाम डेट, शिफ्ट, शहर जैसी चीजें बेहद सोच समझकर भरें क्योंकि एक बार भरने पर इसमें दोबारा बदलाव की गुंजाइश नहीं होगी।
परीक्षा से जुड़ी कुछ अहम जानकारी
- एसएससी सीएचएसल की परीक्षा कंप्यूटर बेस्ड होगी।
- एग्जाम में पूछे जाने वाले सभी सवाल बहुविकल्पीय यानी MCQ बेस्ड होंगे।
- हर सवाल के चार विकल्प होंगे, जिसमें से एक उत्तर को चुनना होगा।
- परीक्षा में कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे, जिनके उत्तर देने के लिए 1 घंटा दिया जाएगा।
- दिव्यांग उम्मीदवारों को एग्जाम निपटाने के लिए 80 मिनट का समय दिया जाएगा।