MP Gyanodaya School Admission Entrance Exam on April 19: मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालितज्ञानोदय आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए 19 अप्रैल 2026 को प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा प्रातः 10.00 बजे से दोपहर 01.00 बजे तक आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। परीक्षा केंद्र शासकीय देवी अहिल्या उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01, खरगोन निर्धारित किया गया है।
MP Gyanodaya School: ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग खरगोन डॉ. कविता आर्य ने बताया कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रभारी परियोजना प्रशासक, जनजातीय कार्य विभाग खरगोन आरपी राखोलिया को नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य शासकीय देवी अहिल्या उत्कृष्ट उ.मा.वि. क्रमांक-01 खरगोन श्री राजेन्द्र पाटीदार को परीक्षा केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया है।
प्रवेश पत्र हो चुके हैं जारी
उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन प्रवेश पत्र 09 अप्रैल 2026 से जारी कर दिए गए हैं। विद्यार्थी अपना प्रवेश पत्र ज्ञानोदय आवासीय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा के दिन विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड एवं पहचान पत्र (आईडी कार्ड) साथ लाना अनिवार्य होगा। इनके बिना परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर उपस्थित होना होगा। देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इसके साथ ही ऐसे अभ्यर्थी जो दृष्टिबाधित हैं तथा देखने में असमर्थ होने के कारण स्वयं लिखने/पढ़ने में असमर्थ हैं, वे श्रुत लेखक की सुविधा का उपयोग कर सकते हैं। यदि कोई अभ्यर्थी स्वयं श्रुत लेखक की व्यवस्था नहीं कर पाता है, तो उसकी मांग पर केंद्राध्यक्ष द्वारा उपयुक्त श्रुत लेखक उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
