Kashmir School Reopening: जम्मू-कश्मीर की कश्मीर घाटी में स्कूल जाने वाले छात्रों के लिए जरूरी खबर है। गर्मी की छुट्टियां खत्म होने के बाद 22 जुलाई से स्कूल दोबारा खुलने की तैयारी है। इसके साथ ही छात्रों की नियमित कक्षाएं फिर से शुरू हो जाएंगी। हालांकि, मौसम को लेकर प्रशासन की ओर से कोई नया आदेश जारी होने पर स्कूल खुलने की तारीख में बदलाव हो सकता है।
22 जुलाई से फिर से खुल रहे हैं जम्मू-कश्मीर के स्कूल
कश्मीर घाटी में इस बार तेज गर्मी और हीटवेव के चलते स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने का फैसला लिया गया था। जम्मू-कश्मीर शिक्षा विभाग ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया था। छुट्टियों का आदेश कश्मीर डिवीजन के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ जम्मू डिवीजन के विंटर जोन वाले स्कूलों पर भी लागू किया गया था।
पहले गर्मी की छुट्टियां 6 जुलाई से शुरू हुई थीं और स्कूलों को सोमवार से दोबारा खुलना था। लेकिन तापमान में ज्यादा राहत नहीं मिलने के कारण सरकार ने छुट्टियों को कुछ और दिनों के लिए बढ़ा दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Board Exam टॉपर बनने के लिए कितने घंटे पढ़ना जरूरी है? समझें Productive Hour Rule
शिक्षा मंत्री ने दी थी छुट्टियां बढ़ाने की जानकारी
जम्मू-कश्मीर की शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर छुट्टियां बढ़ाने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि मौजूदा मौसम को देखते हुए कश्मीर डिवीजन और जम्मू डिवीजन के विंटर जोन में आने वाले सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों की छुट्टियां 22 जुलाई, बुधवार तक बढ़ाई जा रही हैं।
छात्रों और अभिभावकों को क्या करना चाहिए?
छुट्टियों की अवधि पूरी होने के बाद स्कूलों में पढ़ाई सामान्य रूप से शुरू होने की उम्मीद है। छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्कूल से संपर्क बनाए रखें और शिक्षा विभाग की ओर से जारी होने वाले नए आदेशों पर नजर रखें।
अगर मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन कोई नई एडवाइजरी जारी करता है, तो स्कूलों के खुलने से जुड़ा कार्यक्रम बदल सकता है। इसलिए स्कूल जाने से पहले ताजा सूचना जरूर जांच लें।
