भारत की भौगोलिक स्थिति इसे दुनिया के सबसे खास देशों में से एक बनाती है। देश की सीमाएं कई पड़ोसी देशों से लगती हैं और कुछ भारतीय राज्य एक से ज्यादा देशों के साथ अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत के तीन राज्य ऐसे हैं, जिनकी सीमाएं एक साथ तीन-तीन देशों से मिलती हैं? इन राज्यों के नाम हैं सिक्किम, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश। इन तीनों राज्यों की भौगोलिक स्थिति न केवल रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि पर्यटन, संस्कृति और प्राकृतिक सुंदरता के लिहाज से भी खास है।
तीन देशों से सीमा साझा करने वाले भारतीय राज्य
सिक्किम: तीन देशों से जुड़ी सीमाएं
भारत का सबसे छोटा राज्य है सिक्किम। यह जितना छोटा होने के लिए मशहूर है उतना ही खूबसूरत राज्य भी है। सिक्किम एक साथ तीन देशों से सीमा साझा करता है। इसके उत्तर और उत्तर-पूर्व में चीन, पूर्व में भूटान और पश्चिम में नेपाल की सीमा लगती है। सिक्किम की राजधानी गंगटोक है और यह राज्य हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं के बीच बसा हुआ है। दुनिया की ऊंची पर्वत चोटियों में से एक, 'कंचनजंगा' भी सिक्किम में है। सिक्किम का क्षेत्रफल छोटा होने के बावजूद इसकी अंतरराष्ट्रीय सीमा की वजह से इसका सामरिक महत्व काफी ज्यादा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भारत में है कहां छिपा है दिल के आकार का आइलैंड, कम लोगों को है पता
पश्चिम बंगाल: तीन देशों से सीमा साझा करने वाला राज्य
सिक्किम की तरह पश्चिम बंगाल भी भारत का ऐसा राज्य है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय सीमाएं तीन देशों से लगती हैं। इसके पूर्व में बांग्लादेश, उत्तर में नेपाल और भूटान की सीमा है। पश्चिम बंगाल की भौगोलिक स्थिति काफी विविध है। एक तरफ यहां हिमालयी क्षेत्र और दार्जिलिंग की पहाड़ियां हैं, तो दूसरी ओर गंगा का मैदान और दक्षिण में बंगाल की खाड़ी का तटीय इलाका है। यहां की राजधानी 'कोलकाता' है। दार्जिलिंग की चाय, सुंदरबन का मैंग्रोव जंगल और यहां की समृद्ध कला-संस्कृति इसे खास बनाती है।
अरुणाचल प्रदेश: तीन देशों से घिरा पूर्वोत्तर राज्य
अरुणाचल प्रदेश भारत के पूर्वोत्तर हिस्से में स्थित है और इसकी सीमाएं तीन देशों से मिलती हैं। इसके पश्चिम में भूटान, उत्तर और उत्तर-पूर्व में चीन तथा पूर्व में म्यांमार की सीमा है। यह क्षेत्र ऊंचे पहाड़ों, घने जंगलों और खूबसूरत घाटियों के लिए जाना जाता है। इसकी राजधानी ईटानगर है। अरुणाचल प्रदेश को 'उगते सूरज की धरती' भी कहा जाता है, क्योंकि भारत में सबसे पहले सूर्योदय यही होता है। यहां कई जनजातीय समुदाय रहते हैं, जिनकी अपनी अलग भाषा, पहनावा, खान-पान और परंपराएं हैं। अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा होने के कारण अरुणाचल प्रदेश भारत के लिए सामरिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है।
