Ghaziabad School Closed: उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों सहित गादियाबाद इन दिनों भीषण गर्मी और जानलेवा हीटवेव की चपेट में है। मई के महीने में ही आसमान से बरसती आग और चिलचिलाती धूप ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर के समय तापमान रिकॉर्ड स्तर पर इतना ऊपर पहुंच गया है कि सड़कों पर सन्नाटा पसर गया है। तपती इस गर्मी का सबसे बुरा असर छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। डिहाइड्रेशन, उल्टी और चक्कर आने जैसी स्वास्थ्य समस्याओं से बचाने के लिए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने स्कूलों को बंद करने का एक बड़ा और अहम फैसला लिया है।
सभी स्कूलों को बंद करने का निर्देश
भीषण गर्मी और 46 डिग्री तापमान देखते हुए गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने पूरे गाजियाबाद जिले में 23 मई से सभी स्कूल बंद करने के निर्देश दे दिए हैं। यह फैसला भीषण गर्मी और बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए लिया गया है। जिलाधिकारी ने यह आदेश शुक्रवार यानी 22 मई को जारी किया है, जिसके अनुसार, जिले के सभी निजी और सरकारी मान्यता प्राप्त स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 23 मई से (Ghaziabad Summer Vacation) प्रभावी मानी जाएगी।
गाजियाबाद में भी गर्मी की छुट्टियों का इंतजार खत्म
उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों में पहले ही भीषण गर्मी को देखते हुए गर्मियों की छुट्टियां घोषित की जा चुकी हैं। लेकिन गाजियाबाद के कई हिस्सों में अभी भी स्कूलों का संचालन किया जा रहा था, लेकिन अब यह परेशानी जिलाधिकारी के आदेश के बाद खत्म हो गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार ने बच्चों के स्वास्थ्य को देखते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने सभी स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि 23 मई के बाद कोई भी रेगुलर कक्षा नहीं चलेगी। साथ ही यह भी कहा गया है कि वह चाहे तो ऑनलाइन कक्षाएं चला सकते हैं, लेकिन इस भीषण गर्मी में बच्चे स्कूल नहीं आएंगे।
