CISCE Result 2026: आईसीएसई 12वीं के छात्रों के रिजल्ट का इंतजार खत्म हो गया है। काउंसिल फॉर इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन 30 अप्रैल को कक्षा 12वीं (ISC) के परिणाम जारी कर दिए हैं। छात्र आधिकारिक वेबसाइट results.cisce.org पर जाकर अपने नतीजे देख सकते हैं। इस वर्ष आईसीएसई परीक्षाएं 17 फरवरी से 30 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं, जबकि आईएससी परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 6 अप्रैल 2026 तक चली थीं। इस बार आईसीएसई में 99.18%, तो आईएससी में 99.13% छात्र पास हुए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र DigiLocker, SMS और UMANG ऐप के जरिए भी अपनी मार्कशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं। इस साल इन परीक्षाओं में 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया है।
CISCE Result 2026: लखनऊ की शिवप्रिया के 99.50% नंबर
बता दें कि सिटी मांटेसरी स्कूल गोमती नगर लखनऊ की 12 क्लास की छात्रा शिवप्रिया पाठक ने 99.50 % नंबर लाकर इतिहास रच दिया है।उनकी मार्कशीट देखकर हर कोई दंग रह गया है। शिवप्रिया पाठक को दो विषयों में 100 में से 100 और तीन विषयों में 99 नंबर मिले हैं। 12वीं में उनके पास अंग्रेजी, इतिहास, राजनीतिक विज्ञान, भूगोल और अर्थशास्त्र जैसे विषय थे। शिवप्रिया ने ये सफलता सेल्फ स्टडी से पाई है।
पिता जीएसटी में असिस्टेंट कमिश्नर
शिवप्रिया पाठक के पिता श्याम सुंदर पाठक लखनऊ में राज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं । शिवप्रिया पाठक की मां निधि पाठक गृहिणी हैं और शिवप्रिया पाठक ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने अध्यापकों के साथ साथ अपने माता पिता के सहयोग और मार्गदर्शन को दिया है।
आईएएस बनने का सपना
शिवप्रिया पाठक अपने पिता श्याम सुंदर पाठक के नक्शेकदमों पर चलकर सिविल सेवा में ही जाना चाहती हैं। उनके पिता राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं और शिवप्रिया संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सिविल सेवा परीक्षा पास कर आईएएस बनना चाहती हैं।
