CISCE ICSE 10th Topper 2026: आईसीएसई 10वीं का रिजल्ट 30 अप्रैल को सुबह 11 बजे जारी किया गया। इस परीक्षा में कुल 99.18% छात्र सफल हुए। सिर्फ 0.82% यानी 2,131 छात्र ही इस बार क्वालिफाई नहीं कर सके। हालांकि 10वीं के साथ ISC (कक्षा 12) 2026 के नतीजे भी जारी किए गए। कक्षा 10वीं रिजल्ट्स के जारी होने के बाद टॉपर्स स्टोरी सामने आने लगी है। इन्हीं में एक खास स्टोरी है Anshika Dubey की, जिन्होंने परिवार की आर्थिक चुनौतियों के बीच 90 प्रतिशत अंक हासिल कर हौसले से मिसाल पेश की।
CISCE ICSE 10th Topper 2026 (image - chatgpt)
कहां से पढ़ी हैं अंशिका दुबे
आर्थिक चुनौतियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अंशिका दुबे ने अपनी मेहनत और हौसले से मिसाल पेश किया है। उन्होंने ICSE बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 90 प्रतिशत अंक हासिल कर दून कैंब्रिज स्कूल में टॉप किया है।
कैंसर से जूझ रहे हैं पिता
अंशिका के पिता प्रमोद कुमार वर्ष 2020 से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी लगातार खराब तबीयत का असर परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ा। ऐसे मुश्किल समय में अंशिका की मां नीतू और बड़ी बहन नंदिता ने पूरे घर की जिम्मेदारी संभाली।
पढ़ाई पर दिया पूरा ध्यान
नीतू, गृहणी होने के साथ-साथ घर चलाने के लिए छोटे-मोटे काम भी करती हैं। वहीं, नंदिता एलएलबी की पढ़ाई के साथ परिवार की आर्थिक मदद कर रही हैं। इन चुनौतियों के बावजूद अंशिका ने अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया। वह रोजाना 5-6 घंटे पढ़ाई करती थीं और स्कूल में पढ़ाए गए विषयों का नियमित अभ्यास करती थीं।
सलफता का श्रेय
अंशिका अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार और स्कूल की प्रधानाचार्य अर्पिता चटर्जी को देती हैं। उन्होंने बताया कि आगे वह 11वीं कक्षा में कॉमर्स विषय चुनेंगी और भविष्य में बैंकिंग क्षेत्र में करियर बनाना चाहती हैं।
स्कूल की प्रधानाचार्य अर्पिता चटर्जी ने अंशिका की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें एक प्रतिभाशाली छात्रा बताया। वहीं, अंशिका के माता-पिता और बहन ने भी उनकी इस उपलब्धि पर गर्व और खुशी जाहिर की है।
एक नजर पास पर्सेंटेज में
ICSE कक्षा 10वीं के परिणाम 2026 में, कुल पास प्रतिशत 99.18% दर्ज किया गया। इस परीक्षा में कुल 258,721 उम्मीदवार शामिल हुए, जिनमें से 256,590 छात्र उत्तीर्ण हुए। लड़कियों ने लड़कों को पीछे छोड़ते हुए 99.46% का पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 98.93% रहा।\
