NEET PG 2026 परीक्षा के दौरान CGHS वेलनेस सेंटर के बंद रहने की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस बीच
NEET PG 2026 के दौरान खुले रहंगे CGHS वेलनेस सेंटर (Photo - AI)
केंद्रीय सरकार स्वास्थ्य योजना (CGHS) के लाभार्थियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। CGHS महानिदेशालय ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रहे उस फर्जी नोटिस को पूरी तरह से खारिज कर दिया है, जिसमें यह दावा किया जा रहा था कि नीट पीजी परीक्षा के दौरान देश भर के सीजीएचएस वेलनेस सेंटर बंद रहेंगे। महानिदेशालय ने साफ किया है कि इन सभी तारीखों पर वेलनेस सेंटर अपने तय शेड्यूल के अनुसार पूरी तरह संचालित रहेंगे।
फर्जी नोटिस पर सीजीएचएस का रुख
हाल ही में CGHS के आधिकारिक नाम और लोगो का दुरुपयोग करके एक अनधिकृत नोटिस सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है। इस फर्जी नोटिस में कहा गया था कि 27 अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाली NEET PG 2026 परीक्षा में चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी लगाए जाने के कारण वेलनेस सेंटरों में सेवाएं ठप रहेंगी।
तेजी से वायरल हो रहे इस नोटिस पर संज्ञान लेते हुए CGHS ने इस नोटिस को पूरी तरह से फर्जी बताया। सीजीएचएस ने कहा कि यह सर्कुलर पूरी तरह से झूठा, भ्रामक और अनधिकृत है। इसे विभाग की ओर से न तो स्वीकृत किया गया है और न ही जारी किया गया है। लाभार्थियों को सलाह दी गई है कि वे ऐसे किसी भी असत्यापित संदेश या फर्जी नोटिस पर बिल्कुल भी भरोसा न करें और आधिकारिक वेबसाइट पर नजर रखें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - UPTET Sarkari Result 2026: अगले हफ्ते जारी हो सकता है यूपीटीईटी परीक्षा का रिजल्ट, ऐसे कर सकेंगे चेक
वैकल्पिक व्यवस्था से जारी रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
CGHS महानिदेशालय ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी डॉक्टर या मेडिकल स्टाफ को NEET PG परीक्षा जैसी किसी महत्वपूर्ण आधिकारिक ड्यूटी पर तैनात किया भी जाता है, तो इसके लिए बैकअप और प्रशासनिक स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि वेलनेस सेंटर में आने वाले वरिष्ठ नागरिकों, पेंशनभोगियों और अन्य लाभार्थियों को मिलने वाले परामर्श (Consultation), नियमित दवाइयों के वितरण और आपातकालीन सेवाओं पर कोई प्रभाव न पड़े।
आधिकारिक स्रोतों पर ही करें भरोसा
विभाग ने फर्जी नोटिस पर कहा कि सभी एडिशनल डायरेक्टर्स को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले केंद्रों पर स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित करें और आम जनता तक सही सूचना पहुंचाएं। साथ ही, फर्जी नोटिस बनाने और इसे फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - सरकारी स्कूलों में AI की एंट्री! झारखंड के 80 CM स्कूलों में शुरू होगा Prepzy.ai
लाभार्थियों के जरूरी सलाह
किसी भी भ्रम की स्थिति या सोशल मीडिया के मैसेज पर विश्वास करने के बजाय लोगों को सलाह दी जाती है कि वह केवल CGHS की आधिकारिक वेबसाइट cghs.nic.in या आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर दी गई जानकारी को ही सही मानें। 27 से 31 अगस्त के बीच सभी वेलनेस सेंटर अन्य दिनों की तरह अपने तय समय पर शुरू होगी और काम करेगा।
