Times Now Navbharat
live-tv
Premium

AI की पढ़ाई में क्या-क्या पढ़ाया जाता है? जानें कितनी अलग है तकनीक की ये नई दुनिया

आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सबसे चर्चित करियर विकल्पों में से एक बन चुका है। ​बड़ी संख्या में छात्र इन कोर्सों में दाखिला ले रहे हैं, लेकिन एक महत्वपूर्ण सवाल है—आखिर AI की पढ़ाई में पढ़ाया क्या जाता है?

Image
AI की पढ़ाई में क्या-क्या पढ़ाया जाता है?
Authored by: Kuldeep Raghav
Updated Jul 3, 2026, 12:37 IST

आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सबसे चर्चित करियर विकल्पों में से एक बन चुका है। देश के कई इंजीनियरिंग कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में B. Tech in Artificial Intelligence और AI & Machine Learning जैसे कोर्स तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। इस साल बड़ी संख्या में छात्रों ने एआई कोर्स को चुना है क्योंकि भविष्य इसी का है। बड़ी संख्या में छात्र इन कोर्सों में दाखिला ले रहे हैं, लेकिन एक महत्वपूर्ण सवाल छात्रों और उनके पैरेंट्स के दिमाग में रह जाता है- आखिर AI की पढ़ाई में पढ़ाया क्या जाता है? कई छात्र और उनके अभिभावक यह मान लेते हैं कि AI एक अलग विषय है, जबकि वास्तविकता यह है कि AI कई तकनीकी विषयों का एक ऐसा मिश्रण है जिसे तकनीक की नई दुनिया कहा जाता है। AI सीखने के लिए गणित, कंप्यूटर साइंस, डेटा साइंस और प्रोग्रामिंग जैसी कई चीजों की समझ जरूरी होती है।

AI की पढ़ाई की नींव क्या है?

IIT दिल्ली से एमटेक करने के बाद जर्मनी की कंपनी Global Foundries में AI इंजीनियर पुनीत भारद्वाज ने बताया कि AI को समझने के लिए सबसे पहले यह जानना जरूरी है कि AI है क्या। दरअसल, यह कंप्यूटर को इंसानों की तरह सोचने, सीखने और निर्णय लेने की क्षमता देने की तकनीक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की पढ़ाई केवल कंप्यूटर चलाना सीखने तक सीमित नहीं है। इसकी मजबूत नींव गणित, प्रोग्रामिंग और डेटा पर आधारित होती है। AI के छात्र सबसे पहले Python जैसी प्रोग्रामिंग भाषाएं सीखते हैं, फिर Linear Algebra, Statistics, Probability और Calculus जैसे गणित के विषयों की मदद से मशीनों को सीखने की तकनीक समझते हैं। इसके बाद Machine Learning, Data Science, Deep Learning और Natural Language Processing (NLP) जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं।

AI की पढ़ाई की नींव क्या है?

AI की पढ़ाई की नींव क्या है?

1. प्रोग्रामिंग (Programming)

सरल शब्दों में कहें तो AI की पढ़ाई का उद्देश्य कंप्यूटर को डेटा के आधार पर सोचने, सीखने और निर्णय लेने योग्य बनाना है। इसलिए तर्कशक्ति, गणित और तकनीक में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए यह क्षेत्र सबसे उपयुक्त माना जाता है। AI की दुनिया में सबसे महत्वपूर्ण कौशल प्रोग्रामिंग है। छात्रों को आमतौर पर इन भाषाओं की पढ़ाई कराई जाती है। विशेष रूप से Python को AI की सबसे लोकप्रिय भाषा माना जाता है।

  • Python
  • C++
  • Java
  • R Programming
2. गणित (Mathematics)

AI केवल कोडिंग नहीं है। इसके पीछे मजबूत गणित काम करता है। इन्हीं की मदद से AI मॉडल निर्णय लेना सीखते हैं। इसके तहत इंटरमीडिएट में पढ़े गए गणित के विषयों को गहराई से समझा जाता है।

  • Linear Algebra
  • Probability
  • Statistics
  • Calculus
  • Optimization Techniques

3. मशीन लर्निंग (Machine Learning)

यह AI का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें छात्रों को सिखाया जाता है कि कंप्यूटर डेटा से सीखकर भविष्यवाणी कैसे करता है। उदाहरण:

  • Netflix की Recommendation System
  • Amazon की Product Suggestions
  • Spam Email Detection

4. डीप लर्निंग (Deep Learning)

डीप लर्निंग, मशीन लर्निंग का ही एक रूप है। इसमें न्यूट्रल नेटवर्क का उपयोग होता है, जो इंसानी दिमाग की कार्यप्रणाली से प्रेरित होते हैं। इसी तकनीक की मदद से ChatGPT, Google Gemini, Self-Driving Cars और Face Recognition Systems काम करते हैं।

    5. डेटा साइंस (Data Science)

    AI की पूरी दुनिया डेटा पर आधारित है। इस कोर्स में छात्र डाटा कलेक्शन, डाटा क्लीनिंग, डाटा एनालिसिस और डाटा विजुअलाइजेशन सीखते हैं। क्योंकि खराब डेटा से अच्छा AI मॉडल नहीं बन सकता।

    6. कंप्यूटर विजन (Computer Vision)

    यह तकनीक मशीनों को तस्वीरें और वीडियो समझने की क्षमता देती है। इसके उपयोग से फेस रिकग्निशन, मेडिकल इमेजिंग, सुरक्षा कैमरे और ड्राइवरलेस कारें काम करती हैं।

      7. नैचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग (NLP)

      यह वह तकनीक है जो कंप्यूटर को मानव भाषा समझना सिखाती है। इसी के तहत चैट जीपीटी, गूगल ट्रांसलेट, वॉयस असिस्टेंट और चैट बॉट्स काम करते हैं।

      8. रोबोटिक्स (Robotics)

      कई AI कोर्सों में रोबोटिक्स भी शामिल होती है। इसमें छात्र सीखते हैं कि AI की मदद से रोबोट कैसे निर्णय लेते हैं और कार्य करते हैं।

      AI की पढ़ाई में कौन-से स्किल्स जरूरी हैं?

      AI की पढ़ाई में कौन-से स्किल्स जरूरी हैं?

      AI की पढ़ाई में कौन-से स्किल्स जरूरी हैं?

      AI में सफल होने के लिए केवल किताबों की पढ़ाई काफी नहीं होती। छात्रों में ये क्षमताएं होनी चाहिए:

      • तार्किक सोच (Logical Thinking)
      • समस्या समाधान क्षमता
      • गणित में रुचि
      • कोडिंग सीखने की इच्छा
      • नई तकनीकों को समझने की उत्सुकता

      AI कोर्स करने के बाद करियर के विकल्प

      AI क्षेत्र में रोजगार के अवसर तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत ही नहीं, विदेशों में भी इन पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। प्रमुख करियर विकल्प:

      • AI इंजीनियर
      • मशीन लर्निंग इंजीनियर
      • डाटा साइंटिस्ट
      • डाटा एनालिस्ट
      • रोबोटिक्स इंजीनियर
      • एनएलपी इंजीनियर
      • कंप्यूटर विजन इंजीनियर
      • एआई रिसर्चर

      छात्रों और अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह

      यदि छात्र को गणित, कंप्यूटर और नई तकनीकों में रुचि है, तो AI भविष्य में शानदार करियर विकल्प साबित हो सकता है। लेकिन केवल ट्रेंड देखकर प्रवेश लेना सही निर्णय नहीं होगा। B. Tech in AI में प्रवेश लेने से पहले केवल "AI" नाम देखकर फैसला न करें। कॉलेज का पाठ्यक्रम (Curriculum), फैकल्टी, लैब सुविधाएं और प्लेसमेंट रिकॉर्ड जरूर देखें। यह समझना भी जरूरी है कि AI कोई एक विषय नहीं, बल्कि कई तकनीकों का संगम है। सही जानकारी और रुचि के साथ चुना गया AI का रास्ता आने वाले वर्षों में छात्रों को देश और दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती इंडस्ट्री का हिस्सा बना सकता है।

      End of Article