Sambhal News: घर में शादी की रौनक थी। मेहमान पहुंच चुके थे। करीब एक हजार लोगों के खाने का इंतजाम किया गया था। कुछ मेहमान खाना खा भी चुके थे। दुल्हन शानिया लाल जोड़े में निकाह के इंतजार में बैठी थी, लेकिन जिस बारात का इंतजार था, वह दरवाजे तक नहीं पहुंची। आरोप है कि निकाह से महज चार घंटे पहले दूल्हे पक्ष ने फोन कर बाकी दो लाख रुपये दहेज की मांग रख दी। रकम नहीं मिलने पर बारात लाने से इनकार कर दिया। संभल के मोहम्मदपुर टांडा गांव में हुई इस घटना ने एक परिवार की खुशियों को अचानक मायूसी में बदल दिया।
संभल में दो लाख रुपये के दहेज के कारण नहीं हुई शादी (प्रतीकात्मक फोटो- canva)
ये भी पढ़ें- मधुबनी: जिस ASI को हत्या के मामले में खोज रही थी बिहार पुलिस, उसी की लाश खेत में मिली; चेहरा भी कुचला मिला
बारात लेकर नहीं पहुंचा दूल्हा
मामला संभल जिले के चंदौसी रोड स्थित मोहम्मदपुर टांडा गांव का है। यहां रहने वाली शानिया का निकाह मेरठ के फिटकरी गांव निवासी आकिब के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच शादी की बातचीत हुई थी। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने पांच लाख रुपये दहेज की मांग की थी। इसमें से तीन लाख रुपये दिए जा चुके थे, जबकि दो लाख रुपये बाकी थे।
परिवार के मुताबिक, 11 नवंबर को निकाह होना था। शादी की तैयारियां पूरी थीं और मेहमान भी जुटने लगे थे। इसी बीच शाम करीब चार बजे दूल्हे के पिता सालिम का फोन आया। उन्होंने बाकी दो लाख रुपये देने की मांग की और रकम नहीं मिलने पर बारात लाने से इनकार कर दिया। आरोप है कि दूल्हे पक्ष ने पहले दिए गए तीन लाख रुपये भी वापस कर दिए।
रात 10 बजे तक मनाते रहे घरवाले, नहीं मानी बात
दुल्हन के परिवार ने आखिरी वक्त तक रिश्ता बचाने की कोशिश की। चाचा शान मोहम्मद के मुताबिक, घर के लोग रात करीब 10 बजे तक फोन पर दूल्हे और उसके परिवार को मनाते रहे। उनसे बारात लेकर आने की गुजारिश की गई, लेकिन दूल्हे पक्ष ने अपनी शर्त से पीछे हटने से इनकार कर दिया।
इस बीच शादी के लिए किया गया इंतजाम बेकार हो गया। परिवार ने करीब एक हजार मेहमानों के खाने की व्यवस्था की थी। बताया गया कि 400 से 500 लोग खाना भी खा चुके थे, लेकिन बारात नहीं पहुंची। घर में शादी की खुशियों की जगह मायूसी छा गई।
तीन दिन पहले भी बारात लाने से किया था इनकार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार दुल्हन शानिया मलिक उर्फ सन्नु का कहना है कि उसकी आकिब से बातचीत होती रहती थी और उसने शादी के लिए हामी भरी थी। हालांकि, निकाह से तीन दिन पहले भी दूल्हे ने बारात लाने से मना कर दिया था। उस समय दोनों परिवारों के बीच बातचीत हुई और मामला सुलझने के बाद दूल्हा बारात लाने के लिए राजी हो गया था।
लेकिन निकाह वाले दिन फिर दो लाख रुपये की मांग सामने आ गई। शानिया के मुताबिक, इसके बाद दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। परिवार का कहना है कि इस घटना से उन्हें सामाजिक और आर्थिक, दोनों तरह की परेशानी उठानी पड़ी।
पिता की मौत के बाद चाचा ने संभाली थी शादी की जिम्मेदारी
शानिया के पिता बाबू रिहान की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है। ऐसे में शादी की जिम्मेदारी परिवार के दूसरे सदस्यों ने संभाली थी। शानिया का भाई शोएब दिल्ली में कबाड़ के गोदाम पर मजदूरी करता है, जबकि दूल्हा आकिब भी दिल्ली में कबाड़ का काम करता है।
बताया जाता है कि कुछ समय पहले दोनों परिवारों के लोग मोहम्मदपुर टांडा गांव में एक मौत के मौके पर मिले थे। इसी दौरान रिश्ते की बातचीत शुरू हुई और शानिया का निकाह आकिब से तय हुआ था।
दुल्हन की मां ने पुलिस को दी शिकायत
बारात नहीं पहुंचने के बाद शानिया की मां अफरोज ने दूल्हे आकिब और उसके पिता सालिम के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर निकाह से इनकार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाल मोहित कुमार के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों को बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई जाएगी, ताकि आपसी सहमति से विवाद का समाधान निकाला जा सके। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया है।
