Chandrashekhar Azad : भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। रिपोर्टों की मानें तो पुलिस ने हमले में इस्तेमाल की गई कार को भी बरामद कर लिया है और वह हमलावरों के करीब पहुंच गई है। बता दें कि सहारनपुर में आजाद पर बुधवार को हमला हुआ। हमलावरों ने आजाद के काफिले पर चार राउंड गोलीबारी की। इस हमले में वह बाल-बाल बच गए। हालांकि एक गोली के छर्रे उन्हें लगे।
भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेकर आजाद पर बुधवार को हुआ हमला।
कार में आजाद के भाई भी सवार थे
चंद्रशेखर पर जिस समय हमला हुआ उस समय वह टोयोटा कार से यात्रा कर रहे थे। इस कार में उनके भाई सहित चार लोग सवार थे। हमलावरों की गोलीबारी में कार क्षतिग्रस्त हुई। गोली लगने से कार के पिछले हिस्से का विंडो टूट गया। जानकारी के अनुसार सशस्त्र हमलावर सफेद रंग की मारुति स्विफ्ट डिजायर में सवार होकर आए थे। कार पर हरियाणा का नंबर प्लेट लगा था। इन्होंने पीछे से चंद्रशेखर की कार पर फायरिंग की।
हमलावरों को पहचान सकते हैं आजाद के साथी
इस हमले में आजाद और उनके साथी बाल-बाल बच गए। एक गोली के छर्रे उन्हें छूते हुए निकले। बाद में उन्हें इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल में भर्ती किया गया। समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में भीम ने कहा कि उन्हें हमलावर याद नहीं है लेकिन उनके साथ यात्रा कर रहे लोग उन्हें पहचान सकते हैं। आजाद पर यह हमला उस वक्त हुआ जब वह दिल्ली से वापस लौट रहे थे। वह अपने एक समर्थक के घर पर 'तेरहवीं' में शामिल होने गए थे।
देवबंद पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज
आजाद पर हुए हमला मामले में सहारनपुर के देवबंद पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 506, 120-बी एवं एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि 'मैं अस्पताल में चंद्रशेखर से आजाद से मिला और उनसे बात की। वह अब अच्छा महसूस कर रहे हैं। मेरी डॉक्टर से भी बातचीत हुई। डॉक्टर ने बताया कि आजाद के पैरामीटर्स स्थिर हैं और चेक-अप के बाद उन्हें कल अस्पताल से डिस्चार्ज किया जाएगा।' पुलिस अधिकारी ने कहा कि हमले के पीछे जो भी लोग हैं उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
