MP News: मध्य प्रदेश पुलिस आज हथियारों से लैस होकर एक शख्स के घर पहुंचती है, खबर रहती है कि शख्स के घर में हथियार है। पुलिस सर्च करती है, लेकिन बंदूक नहीं मिलती है, मिलता है तो नोटों का ढेर। वो भी इतने नोट कि नोट गिनने की मशीन मंगानी पड़ जाती है। घटना मध्य प्रदेश के सागर जिले की है।
सागर में शख्स के घर मिले 3 करोड़ रुपये
5 घंटे तक चली नोटों की गिनती
सागर में एक ऑटो चालक के घर में नोटों से भरे बैग मिलने का मामला सामने आया है। नोटों की संख्या इतनी अधिक थी कि पुलिस ने मौके पर ही नोट गिनने की मशीन मंगवाई। राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। करीब 5 घंटे तक चली गिनती के बाद पुलिस ने 3 करोड़ रुपए की राशि होने का खुलासा किया है। बताया जाता है कि यह पैसा आरोपियों के भोपाल में पदस्थ सरकारी इंजीनियर और रिश्तेदार का है। हालांकि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
जानकारी के अनुसार पुलिस को सोशल मीडिया पर एक युवक की बंदूक के साथ फोटो डालने और उसके प्रदर्शन की सूचना मिली थी। इसी आधार पर पुलिस ने सौरभ पिता राजेश अहिरवार के मकान पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कोई हथियार नहीं मिला, लेकिन करीब 3 करोड़ रुपए के आसपास नकदी मिलने से पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस नकदी के दस्तावेज और उसके स्रोत की भी जांच कर रही है। आयकर विभाग को भी मामले की सूचना दी गई है।
किसका है पैसा?
नकदी मिलने के बाद पुलिस ने मकान में मौजूद परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। परिवार की ओर से बताया गया कि यह पैसा उनके एक रिश्तेदार का है, जो भोपाल में इंजीनियर है। हालांकि, इतनी बड़ी रकम के स्रोत और उसके मकान में रखे होने की वजह की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस सौरभ अिहरवार और अंकित अहिरवार से पूछताछ कर रही है।
