कवि कुमार विश्वास को धमकी देने वाले शख्स को गाजियाबाद पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गाजियाबाद पुलिस की ओर से जारी किए गए बयान के अनुसार आरोपी शख्स दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का फैन है।
कुमार विश्वास को धमकी देने वाला गिरफ्तार
गौरतलब है कि मशहूर कवि कुमार विश्वास को ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी। जिसकी शिकायत उन्होंने गाजियाबाद पुलिस से की थी। जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी लोकेश शुक्ला को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में बयान जारी करके जानकारी दी है।
पुलिस ने कहा- "आरोपी ने पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी कुमार विश्वास द्वारा केजरीवाल की आलोचना से नाराज था। साथ ही कुमार विश्वास के भगवान राम को महिमामंडित करने वाले प्रोग्राम से भी वो क्षुब्ध था। आरोपी का अरविंद केजरीवाल से वैचारिक तथा भावनात्मक लगाव था।"
आभार @Uppolice @IPSMUNIRAJ 🙏 t.co/LiD3JfHHVJ
— ANI (@ANI) Nov 20, 2022
शहर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि धमकी भरे ईमेल भेजे जाने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने लोकेशन ट्रेस की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंदिरापुरम पुलिस के अनुसार आरोपी को मध्य प्रदेश के अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के सुदामा नगर से ट्रांजिट रिमांड पर गाजियाबाद लाया गया है।
अधिकारी ने कहा कि आरोपी को रविवार को यहां एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी पर 18 नवंबर को आईपीसी और आईटी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद कुमार विश्वास ने ट्वीट करके गाजियाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया है।
