उमेश यादव की तेज रफ्तार ने पंजाब को किया बेहाल, दर्ज किया अपने आईपीएल करियर का बेस्ट प्रदर्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 1, 2022, 09:53 PM IST

Umesh Yadav best IPL performance: इस समय भारतीय तेज गेंदबाज उमेश यादव शानदार लय में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2022 के मैच में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज कराया।

उमेश यादव की तेज रफ्तार ने पंजाब को किया बेहाल, दर्ज किया अपने आईपीएल करियर का बेस्ट प्रदर्शन
Photo Credit: Twitter

आईपीएल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के भारतीय पेसर उमेश यादव (Umesh Yadav) अलग तेवर के साथ मैदान पर उतरे हैं। पिछले मैच में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए दो साल में पहली बार 'मैन ऑफ द मैच' का खिताब जीता। अब शुक्रवार को भी पंजाब किंग्स के खिलाफ वो उसी लय में नजर आए। इस बार उन्होंने अपने आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर दिखाया।

कोलकाता और पंजाब के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पंजाब किंग्स की टीम पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था। पंजाब के धुरंधर बल्लेबाजी करने उतरे लेकिन उन्हें उमेश यादव के कहर का सामना करना पड़ा। उमेश ने 4 ओवर में 1 मेडन ओवर करते हुए सिर्फ 23 रन के नुकसान पर 4 विकेट झटके। उन्होंने इस दौरान कप्तान मयंक अग्रवाल (1), लियाम लिविंगस्टोन (19), हरप्रीत बरार (14) और राहुल चाहर (0) के विकेट लिए। पंजाब की टीम 18.2 ओवर में सिर्फ 137 रन बनाकर सिमट गई।

उमेश को पंजाब के खिलाफ बॉलिंग पसंद है, आईपीएल में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में पंजाब किंग्स के खिलाफ किया गया प्रदर्शन उमेश यादव के आईपीएल करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन साबित हुआ। इससे पहले उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आईपीएल 2013 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ देखने को मिला था जहां उन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट झटके थे। उमेश यादव को पंजाब किंग्स के खिलाफ गेंदबाजी करना काफी पसंद है, दिलचस्प बात ये हैं उमेश के आईपीएल में 5 बेस्ट प्रदर्शन में से चार सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पंजाब के खिलाफ ही देखने को मिले हैं, ये हैं आंकड़े..

1. पंजाब के खिलाफ - आईपीएल 2022 - 4/23

2. राजस्थान के खिलाफ - आईपीएल 2013 - 4/24

3. पंजाब के खिलाफ - आईपीएल 2017 - 4/33

4. पंजाब के खिलाफ - आईपीएल 2014 - 3/13

5. पंजाब के खिलाफ - आईपीएल 2012 - 3/19

किसी एक टीम के खिलाफ आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में उमेश यादव अब संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ अब तक 31 विकेट लिए हैं। इस मामले में उन्होंने लसिथ मलिंगा (चेन्नई के खिलाफ 31 विकेट) और ड्वेन ब्रावो (मुंबई के खिलाफ 31 विकेट) की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में शीर्ष पर वेस्टइंडीज के सुनील नरेन का नाम दर्ज है जिन्होंने पंजाब किंग्स के खिलाफ 32 विकेट झटके हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!