शिखर धवन की धमाकेदार पारी, IPL 2022 में सर्वाधिक रन बनाने वालों के बीच लगाई लंबी छलांग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 25, 2022, 10:18 PM IST

Shikhar Dhawan, CSK vs PBKS, IPL 2022: आईपीएल 2022 में सोमवार को खेले गए मैच में पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर हुई। इस मैच में शिखर धवन ने शानदार पारी खेलकर ओरेंज कैप की रेस में लंबी छलांग लगाई है।

शिखर धवन की धमाकेदार पारी, IPL 2022 में सर्वाधिक रन बनाने वालों के बीच लगाई लंबी छलांग
Photo Credit: Twitter

भारत के दिग्गज बाएं हाथ के बल्लेबाज शिखर धवन को बेशक उनके करियर में वो तवज्जो नहीं दी गई, जिसके वो हकदार थे। लेकिन इस खिलाड़ी ने बार-बार सामने आकर खुद को साबित किया है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2022) में सोमवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलते हुए पंजाब किंग्स के बल्लेबाज शिखर धवन ने धमाकेदार पारी खेलते हुए ना सिर्फ सबका ध्यान फिर आकर्षित किया बल्कि इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वालों की लिस्ट में वो तीसरे नंबर पर आ गए हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच इस मैच में पंजाब की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 37 के स्कोर पर उनके कप्तान मंयक अग्रवाल 18 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद ओपनर शिखर धवन ने ना सिर्फ अपनी टीम को मुश्किल से बाहर निकाला बल्कि वो अंतिम गेंद तक पिच पर टिके रहे। धवन ने 59 गेंदों में नाबाद 88 रनों की पारी खेली, जिसमें दो छक्के और 9 चौके शामिल रहे।

भानुका के साथ साझेदारी

इसके अलावा शिखर धवन ने दूसरे विकेट के लिए श्रीलंका के बल्लेबाज भानुका राजपक्षे के साथ बेहतरीन पार्टनरशिप को भी अंजाम दिया। इन दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 110 रनों की लाजवाब साझेदारी देखने को मिली। भानुका राजपक्षे ने 32 गेंदों में 42 रन बनाकर अपना योगदान दिया और शिखर धवन ने अंतिम ओवर खत्म होने तक अपनी टीम को 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 187 रन बना डाले।

ओरेंज कैप की रेस में धवन

शिखर धवन आईपीएल 2022 की शुरुआत में कुछ समय के लिए सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में जरूर थे लेकिन उसके बाद बाकी बल्लेबाजों ने उनको ओवरटेक कर लिया। अब सोमवार रात खेली गई उनकी पारी ने फिर से उनको टॉप-3 में पहुंचा दिया है। ये हैं मौजूदा सीजन में सर्वाधिक रन बनाने टॉप-3 बल्लेबाज- जोस बटलर (491 रन), केएल राहुल (368 रन) और शिखर धवन (302 रन)।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!