पहले भुवनेश्वर, अब ईशांत, अगले महीने ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम इंडिया को लगा एक और झटका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 12, 2020, 07:51 PM IST

Ishant Sharma: टीम इंडिया को अगले महीने ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर जाना है, लेकिन उसकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भुवनेश्‍वर कुमार के बाद अब तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा भी चोटिल हो गए हैं।

पहले भुवनेश्वर, अब ईशांत, अगले महीने ऑस्ट्रेलिया जाने वाली टीम इंडिया को लगा एक और झटका

नई दिल्‍ली: टीम इंडिया को अगले महीने ऑस्‍ट्रेलिया के महत्‍वपूर्ण दौरे पर जाना है और इससे पहले उसके लिए एक बुरी खबर सामने आई है। तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा चोटिल होकर शेष आईपीएल से बाहर हो गए हैं। ईशांत शर्मा को बाएं तरफ की पसली में दर्द है, जिसकी वजह से उन्‍हें गेंदबाजी करने में काफी परेशानी हो रही है। अगर यह चोट गंभीर हुई तो भारतीय टेस्‍ट टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुवा ईशांत ऑस्‍ट्रेलिया दौरे से बाहर हो सकते हैं। 

भारतीय टीम पहले ही मुश्किलों से घिरी हुई है क्‍योंकि आईपीएल में ही अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्‍वर कुमार भी चोटिल होकर बाहर हो गए हैं। भुवनेश्‍वर कुमार कुल्‍हें में चोट के कारण आईपीएल 2020 से बाहर हुए। भुवी का भी ऑस्‍ट्रेलियाई दौरे पर टीम इंडिया के साथ जाना तय माना जा रहा था, लेकिन अब उनकी चोट कितनी गंभीर है, इसका इंतजार करना होगा।

बहरहाल, आईपीएल 2020 में दिल्‍ली कैपिटल्‍स के लिए यह दूसरा करारा झटका है। अमित मिश्रा के बाद ईशांत शर्मा शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। दिल्‍ली कैपिटल्‍स ने ईशांत शर्मा की चोट के बारे में बयान जारी किया, 'दिल्‍ली कैपिटल्‍स के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को 7 अक्‍टूबर 2020 को दुबई में ट्रेनिंग करते समय बाएं पसली में दर्द हुआ। जांच के बाद पता चला कि उन्‍हें बाएं इंटरनल ओब्‍लीक मसल टियर हुआ है।  इस चोट के कारण ईशांत शर्मा शेष आईपीएल 2020 से बाहर हो गए हैं। दिल्‍ली कैपिटल्‍स में हर कोई उनके जल्‍दी ठीक होने की कामना करता है।'

बता दें कि ईशांत शर्मा ने मौजूदा आईपीएल में सिर्फ एक मैच खेला था। उन्‍होंने अबुधाबी में 29 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 3 ओवर में 26 रन दिए जबकि कोई सफलता हासिल नहीं की थी। 

भारत का ऑस्‍ट्रेलिया दौरा

बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बीच भारतीय टीम अपनी पहली सीरीज ऑस्‍ट्रेलिया में खेलेगी। इससे टीम इंडिया के अंतरराष्‍ट्रीय कैलेंडर का शुभारंभ भी होगा। विराट कोहली के नेतृत्‍व वाली टीम इंडिया ऑस्‍ट्रेलिया दौरे पर तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज, तीन मैचों की वनडे सीरीज और चार मैचों की टेस्‍ट सीरीज खेलेगी। अब देखना होगा कि ऑस्‍ट्रेलिया दौरे से पहले ईशांत शर्मा और भुवनेश्‍वर कुमार पूरी तरह फिट हो पाते हैं और राष्‍ट्रीय टीम में वापसी कर पाते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!