दिल्‍ली कैपिटल्‍स को लगा तगड़ा झटका, कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए अक्षर पटेल पर बड़ी अपडेट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 3, 2021, 10:38 PM IST

Axar Patel: आईपीएल 2021 की शुरूआत 9 अप्रैल से होने जा रही है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स को एक सप्‍ताह पहले तगड़ा झटका लगा है। दिल्‍ली कैपिटल्‍स का स्‍टार ऑलराउंडर कोरोना वायरस की चपेट में आ गया है।

दिल्‍ली कैपिटल्‍स को लगा तगड़ा झटका, कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए अक्षर पटेल पर बड़ी अपडेट

नई दिल्‍ली:  भारत और दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को कोविड-19 के परीक्षण में पॉजिटिव पाया गया है और पृथकवास नियमों के कारण वह इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में 10 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ टीम के पहले मैच को नहीं खेल पायेंगे। दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को बताया कि अक्षर को पृथकवास में रखा गया है।

फ्रेंचाइजी से जारी बयान के मुताबिक, 'दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर अक्षर पटेल को कोविड-19 के लिए पॉजिटिव पाया गया है। वह नेगेटिव रिपोर्ट के साथ 28 मार्च 2021 को मुंबई में टीम होटल में पहुंचे थे। कोविड परीक्षण की उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। उन्हें निर्दिष्ट चिकित्सा सुविधा में पृथकवास पर भेज दिया गया है। दिल्ली कैपिटल्स की चिकित्सा टीम अक्षर से लगातार संपर्क बनाये हुए है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।'

आईपीएल के नियमों के मुताबिक अक्षर को 10 दिनों तक अनिवार्य पृथकवास में रहना होगा। टीम से जुड़ने के लिए उन्हें पृथकवास के आखिरी दो दिनों में आरटी-पीसीआर जांच में नेगेटिव आना होगा। उनका पृथकवास 12 अप्रैल को खत्म होगा ऐसे में वह सीएसके के खिलाफ 10 अप्रैल को होने वाले पहले मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। दिल्ली का दूसरा मैच 15 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ है जिसमें उनके खेलने की संभावना कम है।

नियमों के मुताबिक पृथकवास के नौवें और 10वें दिन खिलाड़ी को आरटी-पीसीआर जांच में नेगेटिव आना होगा, जिसके बाद वह बायो-बबल (जैव सुरक्षित माहौल) में टीम के साथ जुड़ सकता है। बीमारी से उबरने के बाद टीम से जुड़ी गतिविधियों को शुरू करने से पहले खिलाड़ी को कार्डिएक स्क्रीनिंग (हृदय संबंधी जांच) से गुजरना होगा।

अक्षर ने हाल में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में 27 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। वह आईपीएल में खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं जिनका परीक्षण पॉजिटिव आया है। उनसे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स के नितीश राणा की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी थी। बाद में उनकी रिपोर्ट हालांकि नेगेटिव आ गयी थी।

इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स की मीडिया टीम में एक सदस्य का परीक्षण पॉजिटिव पाया गया है। यह सदस्य हालांकि जैव सुरक्षित वातावरण का हिस्सा नहीं था और इसलिए टीम का अभ्यास कार्यक्रम प्रभावित नहीं हुआ।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!