RR vs PK: संजू सैमसन के शतक पर फिरा पानी, पंजाब किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को हराया
Rajasthan Royals vs Punjab Kingse: पंजाब किंग्स ने रोमांचक मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को मात दी। दोनों टीमों का यह आईपीएल 2021 में पहला मुकाबला था।
मुंबई: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2021 में विजय के साथ अपने अभियान का आगाज किया है। पंजाब ने सोमवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 4 रन से जीत दर्ज की। पंजाब की टीम ने 222 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में राजस्थान निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोने के बाद 217 रन ही बना पाई। राजस्थान के लिए कप्तान संजू सैमसन (63 गेंदों में 119 रन) ने शानदार शतकीय पारी खेली, लेकिन उसपर पानी फिर गया। उनके अलावा जोस बटलर (25), रियान पराग (25), शिवम दुबे (23), बेन स्टोक्स (0) और मनन वोहरा (12) और राहुल तेवतियन ने 2 रन बनाए। पंजाब के लिए अर्शदीप सिंह ने तीन, मोहम्मद शमी ने दो और झाए रिचर्डसन-रायली मेरेडिथ ने एक-एक विकेट झटका।
इससे पहले पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के बाद निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 221 रन का स्कोर खड़ा किया। पंजाब के लिए सर्वाधिक रन कप्तान केएल राहुल (91) ने बनाए। उनके अलावा दीपक हुड्डा (64), क्रिस गेल (40), निकोलस पूरन (0), झाए रिचर्डसन (0) और मयंक अग्रवाल ने 14 रन का योगदान दिया। वहीं, शाहरुख खान 4 गेंदों में 6 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की तरफ से चेतन सकारिया ने तीन, क्रिस मॉरिस ने दो जबकि रियान पराग ने एक विकेट चटकाया।
राजस्थान को आखिरी ओवर में 13 रन की थी दरकार
राजस्थान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन की दरकार थी। क्रीज पर संजू सैमसन और क्रिस मॉरिस थे। वहीं, गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह के कंधों पर थी। सैमसन की लय को देखकर लगा रहा था कि राजस्थान इन रनों को बना लेगी, लेकिन अर्शदीप बचाव करने में सफल रहे। उन्होंने पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया जबकि दूसरी और तीसरी गेंद पर एक-एक रन आया। चौथी गेंद पर सैमसन ने छक्का जमाया और पांचवीं गेंद खाली रही। अंतिम गेंद पर राजस्थान को 5 रन चाहिए थे और सैमसन ने वर की दिशा में छक्का मारने की कोशिश की, मगर दीपक हुड्डा ने कैच लपक लिया। राजस्थान की टीम 20वें ओवर में सिर्फ 8 रन ही जुटा पाई और मैच हार गई। सैमसन ने 63 गेंदों में 12 चौकों और 7 छक्कों के दम पर 119 रन की दमदार पारी खेली। मॉरिस 4 गेंदों में 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
राहुल तेवतिया ने 4 गेंदो में 2 रन बनाए
राजस्थान का छठा विकेट राहुल तेवतिया के रूप में गिरा। तेवतिया 4 गेंदें खेलकर सिर्फ 2 रन बना सके। उन्हें रायली मेरेडिथ ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर आउट किया। तेवतिया भी विकेट के पीछ कैच थमाकर पवेलियन लौटे। 19 ओवर का खेल पूरा होने पर राजस्थान का स्कोर 209/6 है।
संजू सैमसन ने जमाया शतक
संजू सैमसन ने शतक लगा दिया है। उन्होंने 54 गेंदों में सैकड़ा बनाया। उन्होंने 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका मारा शतक पूरा किया। वह आईपीएल में बतौर कप्तान डेब्यू मैच में सेंचुरी मारने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। सैमसन के आईपीएल करियर का यह तीसरा शतक है। 18 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 201/5 है।
रियान पराग ने खेली तेज तर्रार पारी
राजस्थान को पांचवां झटका रियान पराग के तौर पर लगा। उन्होंने 11 गेंदों में 25 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 1 चौका और 3 छक्के मारे। पराग को मोहम्मद शमी ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। उन्होंने गलत शॉट खेलकर विकेट के पीछे राहुल को कैच दे दिया। उनका विकाट 175 के कुल स्कोर पर गिरा। पराग ने पांचवें विकेट के लिए सैमसम के साथ 52 रन जोड़े। 17 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 182/5 है। सैमसन 51 गेंदों में 88 और राहुल तेवतियन 2 गेंदों में 1 रन बनाकर खेल रहे हैं।
राजस्थान ने छुआ 150 का आंकड़ा
राजस्थान की टीम ने 150 का आंकड़ा पार कर लिया है। संजू सैमसन 47 गेंदों में 76 और रिया पराग 5 गेंदों में 12 रन बनाकर खेल रहे हैं। 15 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 154/4 पर पहुंच गया है।
शिवम दुबे ने 15 गेंदों में 23 रन की पारी खेली
राजस्थान को पांचवां झटका शिवम दुबे के रूप में लगा। जोस बटलर के जाने के बाद क्रीज पर आए दुबे ने 15 गेंदों में 3 चौकों के जरिए 23 रन की पारी खेली। उन्हें अर्शदीप सिंह ने 13वें ओवर की चौथी गेंद पर पवेलियन भेजा। उन्होंने लांग ऑफ की दिशा में छक्का मारने का प्रयास किया, लेकिन दीपक हुड्डा के हाथों कैच हो गए। उनका विकेट 123 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने चौथे विकेट के लिए संजू सैमसन के साथ 53 रन की साझेदारी की। 13 ओवर का खेल पूरा होने पर राजस्थान का स्कोर 128/4 है। सैमसम ने 58 और रियाग पराग ने 4 रन बना लिए हैं।
संजू सैमसन का 14वां अर्धशतक
संजू सैमसन ने अर्धशतक जमा दिया है। सैमसन ने 34 गेंदों में अपना पचासा बनाया। उन्होंने इस दौरान 7 चौके और 2 छक्के मारे। सैमसन ने 11वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका लगाकार फिफ्टी पूरी की। उनके आईपीएल करियर का यह 14वां अर्धशतक है। 11 ओवर के बाद राजस्थान ने 109 रन बना लिए हैं।
राजस्थान ने 10 ओवर में बनाए 95 रन
संजू सैमसन टिककर बल्लेबाजी कर रहे हैं। वहीं, शिवम दुबे उनका साथ दे रहे हैं। सैमसन 30 गेंदों में 41 और दुबे 7 गेंदों में 11 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों अभी तक 25 रन की पार्टनरशिप कर चुके हैं। 10 ओवर का खेल होने के बाद राजस्थान का स्कोर 95/3 है।
बटलर बने रिचर्डसन का शिकार
राजस्थान का तीसरा विकेट जोट बटलर के तौर पर गिरा। बटलर ने 13 गेंदों में 5 चौकों के बदौलत 25 रन की पारी खेली। उन्हें झाए रिचर्डसन ने 8वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। वह रिचर्डसन की गेंद पर पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और क्लीन बोल्ड हो गए। वह 70 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए संजू सैमसन के साथ 45 रन की साझेदारी की। 8 ओवर का खेल पूरा होने पर राजस्थान का स्कोर 78 है। सैमसन 22 गेंदों में 8 और शिवम दुबे 3 गेंदों में रन बनाकर खेल रहे हैं।
पावर प्ले में राजस्थान का पचासा पूरा
दो विकेट गिरने के बाद संजू सैमसन और जोस बटलर ने मोर्चा संभाल रखा है। दोनों तेजी से रन जुटा रहे हैं। सैमसन 17 गेंदों में 27 और बटलर 8 गेंदों में 19 रन बनाकर खेल रहे हैं। पावर प्ले में राजस्थान का पचासा पूरा हो गया है। शुरुआत 6 ओवर के बाद राजस्थान का स्कोर 59 पर पहुंच गया है।
मनन वोहरा ने सस्ते में खोया विकेट
राजस्थान को दूसरा झटका मनन वोहरा के रूप में लगा। ओपनर मनन वोहरा टिककर बल्लेबाजी नहीं कर पाए और सस्ते में अपना विकेट खो दिया। उन्हें अर्शदीप सिंह चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर कॉट एंड बोल्ड किया। उन्होंने सामने की दिशा शॉट मारना चाहा, लेकिन अर्शदीप को कैच थमा दिया। उनका विकेट 25 के कुल स्कोर पर गिरा। 4 ओवर का खेल होने के बाद राजस्थान का स्कोर 30 है। संजू सैमसन ने 12 गेंदों में 16 और जोस बटलर ने 1 गेंद में 1 रन बनाया है।
राजस्थान ने 2 ओवर में बनाए 17 रन
बेन स्टोक्स के आउट होने के बाद मनन वोहरा और संजू सैमसन राजस्थान की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। वोहरा 6 गेंदों में 12 और सैमसन 6 गेंदों में 4 रन बनाकर खेल रहे हैं। 2 ओवर का खेल पूरा होने पर राजस्थान ने 17 रन बना लिए हैं।
बेन स्टोक्स बिना खाता खोले आउट
लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान की टीम ने निराशाजनक आगाज किया। बतौर सलामी बल्लेबाज खेलने आए बेन स्टोक्स बिना खाता खोले ही आउट हो गए। उन्हें मोहम्मद शमी ने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। स्टोक्स ने पुल की कोशिश की मगर गेंद बल्ले का बाहरी किनारा खड़ी हो गई। ऐसे में विकेटकीपर केएल राहुल ने दौड़कर कैच लपक लिया।
केएल राहुल 91 रन बनाकर हुए आउट
पंजाब का पांचवां विकेट केएल राहुल के तौर पर गिरा। पारी का आगाज करने आए राहुल ने बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 50 गेंदों में 91 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 7 चौके और 5 छक्के जमाए। उन्हें चेतन सकारिया ने 20वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह छक्का मारने के प्रयास में डीप मिड विकेट पर राहुल तवेतिया के हाथों लपके गए। राहुल 220 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। सकारिया ने ओवर की अंतिम गेंद पर झाए रिचर्डसन को आउट किया। उन्होंने क्रिस मॉरिस को कैच थमाया। वह दो गेंदे खेलकर अपना खातना नहीं खोल पाए।
पंजाब ने राजस्थान को दिया 222 रन का लक्ष्य
पंजाब ने राजस्थान को 222 रन का लक्ष्य दिया है। पंजाब ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के बाद निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 221 रन बनाए। पंजाब के लिए सर्वाधिक रन कप्तान केएल राहुल (91) ने बनाए। उनके अलावा दीपक हुड्डा (64), क्रिस गेल (40), निकोलस पूरन (0), झाए रिचर्डसन (0) और मयंक अग्रवाल ने 14 रन का योगदान दिया। वहीं, शाहरुख खान 4 गेंदों में 6 रन बनाकर नाबाद रहे। राजस्थान की तरफ से चेतन सकारिया ने तीन, क्रिस मॉरिस ने दो जबकि रियान पराग ने एक विकेट चटकाया।
दीपक हुड्डा ने की खेली शानदार पारी
पंजाब को तीसरा झटका दीपक हुड्डा के रूप में लगा। क्रिस गेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए हुड्डा ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 28 गेंदों में 4 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए। उन्हें क्रिस मॉरिस ने 18वें ओवर की तीसरी गेंद पर आउट किया। वह छक्का मारने की कोशिश मेंलांग ऑन पर रियान पराग को कैच थमा बैठे। उनका विकेट 194 के कुल स्कोर पर गिरा। हुड्डा ने तीसरे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 105 रन की अहम पार्टनरशिप की। हुड्डा के बाद मॉरिस ने इसी ओवर की अंतिम गेंद पर निकोल पूरन (0) को पेविलयन भेजा। उन्होंने आते ही गलत शॉट खेला और चेतन सकरिया ने छलांग लगाकर बेहतरीन कैच पकड़ा। 18 ओवर के बाद पंजाब स्कोर 201/4 है।
दीपक हुड्डा ने भी जमाई फिफ्टी
दीपक हुड्डा ने भी फिफ्टी बना ली है। उन्होंने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए महज 20 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान 1 चौका और 6 छक्का उड़ाए। उनका पचासा 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर पूरा हुआ। यह हुड्डा के आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक है। 16 ओवर के बाद पंजाब ने 172 रन बना लिए हैं।
पंजाब ने 15 ओवर में बनाए 161 रन
पंजाब के दो विकेट गिरने के बाद केएल राहुल और दीपक हुड्डा क्रीज पर जमे हुए हैं। दोनों डटकर राजस्थान के गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं और तेजी से रन जुटा रहे हैं। राहुल ने 36 गेंदों में 63 रन बना लिए हैं। वहीं, हुड्डा 17 गेंदों में 1 चौके और 5 छक्कों के दम पर 41 रन बनाकर खेल रहे हैं। 15 ओवर का खेल होने पर पंजाब का स्कोर 161/2 है।
केएल राहुल ने जड़ा अर्धशतक
केएल राहुल ने अर्धशतक जड़ दिया है। उन्होंने 30 गेंदों में 5 चौकों और 2 छक्कों के जरिए 50 रन बनाए। उन्होंने 13वें ओवर की तीसरी गेंद पर छक्का जमाकर अपना पचासा पूरा किया। बता दें कि यह राहुल के आईपीएल करियर की 22वीं फिफ्टी है। 13 ओवर का खेल पूरा होने के बाद पंजाब का स्कोर 130/2 है। राहुल के अलावा इस ओवर में दीपक हुड्डा (12*) ने दो छक्के लगाए।
क्रिस गेल बने रियान पराग का शिकार
पंजाब को दूसरा झटका तूफानी बल्लेबाजी क्रिस गेल के तौर पर लगा। गेल ने टिकककर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 40 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 4 चौके और 1 छक्का मारा। उन्हें रियान पराग ने 10वें ओवर की पांचवीं गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह बड़ा शॉट शॉट मारना चाहते थे, लेकिन लांग ऑन पर बेन स्टोक्स ने कैच लपक लिया। उनका विकेट 89 के कुल स्कोर पर गिरा। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए केएल राहुल के साथ 67 रन की साझेदारी की।
राहुल और गेल ने अपनाया आक्रामक रुख
शुरुआत में धीमी गति से रन जुटाने के बाद केएल राहुल (25*) और क्रिस गेल (28*) ने आक्रामक रुख अपना लिया है। दोनों ने सातवें ओवर में जहां एक-एक चौका मारा वहीं आठवें ओवर में राहुल ने चौका जमया जबकि गेल ने एक छक्का जड़ा। सातवां ओवर श्रेयस गोपाल ने और आठवां बेन स्टोक्स ने डाला। आठ ओवर का खेल होने के बाद पंजाब का स्कोर 70/1 है।
पावर प्ले में पंजाब ने बनाए 46 रन
केएल राहुल और क्रिस गेल ने मोर्चा संभाला हुआ है और पावर प्ले खत्म हो चुका है। पंजाब की टीम शुरुआती 6 ओवर में 46 रन बना पाई है। राहुल ने 13 गेंदों में 15 और गेल ने 14 गेंदों में 14 रन बना लिए हैं।
बल्लेबाजी के लिए आए क्रिस गेल
मयंक अग्रवाल के जाने के बाद केएल राहुल और क्रिस गेल क्रीज पर हैं। राहुल 12 गेंदों में 14 और गेल 3 गेंदों में 1 रन बनाकर खेल रहे हैं। 4 ओवर का खेल समाप्त होने पर पंजाब ने 31 पर पहुंच गया है।
सस्ते में पवेलियन लौटे मयंक अग्रवाल
पंजाब किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और मयंक अग्रवाल पहले विकेट के लिए महज 22 रन ही जोड़ पाए। यह साझेदारी मयंक के तीसरे ओवर के चौथी गेंद पर आउट होने के बाद टूटी। उन्हें चेतन सकारिया ने पवेलियन की राह दिखाई। वह सकारिया को पिच पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और विकेट के पीछ संजू सैमसन को कैच दे बैठे। यह सकारिया के आईपीएल करियर का पहला विकेट है।
पारी का आगाज करने आए मयंक-राहुल
पंजाब किंग्स की ओर से पारी का आगाज करने के लिए केएल राहुल मयंक अग्रवाल आए हैं। राजस्थान के लिए गेंदबाजी की कमान चेतन सकारिया ने संभाली। सकारिया ने पहले ओवर में 10 रन दिए। मयंक और राहुल ने पांच-पांच रन बनाए। दोनों ने एक-एक चौका जमाया।
राजस्थान-पंजाब की प्लेइंग इलेवन
राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान और विकेटकीपर), जोस बटलर, मनन वोहरा, रियान प्रयाग, बेन स्टोक्स, राहुल तेवतिया, शिवम दुबे, क्रिस मॉरिस, श्रेयस गोपाल, चेतन सकारिया और मुस्तफिजुर रहमान।
पंजाब किंग्स: केएल राहुल (कप्तान और विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, क्रिस गेल, निकोलस पूरन, दीपक हुड्डा, शाहरुख खान, झाए रिचर्डसन, मुरुगन अश्विन, रायली मेरेडिथ, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद शमी।
इन खिलाड़ियों को मिली कैप
राजस्थान रॉयल्स की ओर से शिवम दुबे, मुस्तफिजुर रहमान, चेतन सकारिया और मनन वोहरा को कैप दिया गया है। वहीं, पंजाब की तरफ से झाए रिचर्डसन, रायली मेरेडिथ और शाहरुख को कैप दिय।
क्रिस मॉरिस पर बड़ी जिम्मेदारी
चोट के कारण आईपीएल से बाहर चल रहे जोफ्रा आर्चर की गैरमौजूदगी में क्रिस मॉरिस पर गेंदबाजी की बड़ी जिम्मेदारी होगी। मॉरिस को राजस्थान ने खिलाड़ियों की नीलामी में 16 करोड़ 25 लाख रुपए की भारी भरकम राशि में खरीदा है। मॉरिस पर खुद को साबित करने का भी दबाव होगा।
राजस्थान ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
राजस्थान ने टॉस जीतकर पंजाब को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है। टॉस के बाद राजस्थान के कप्तान सैमसन ने कहा कि हम पहले गेंदबाजी करेंगे। हमें प्लेइंग इलेवन चुनने में चुनौती का सामना करना पड़ा। मैं बतौर कप्तान नई भूमिका को लेकर बहुत उत्साहित हूं। वहीं, पंजाब के कप्तान राहुल ने कहा कि हम सभी वानखेड़े का इतिहास जानते हैं। हर कोई यहां पहले गेंदबाजी करना चाहता है। लेकिन हम अच्छा क्रिकेट खेलना चाहेंगे।
पंजाब के विरुद्ध सैमसन का बल्ला खूब चला
दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में संजू सैमसन का बल्ला खूब चला है। सैमनस ने पंजाब के खिलाफ (406) सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बाद केएल राहुल (350), जोस बटलर (251) और क्रिस गेल (217) का नंबर आता है।
अब तक दोनों टीमों में ऐसी रही टक्कर
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स दरमियान अब तक कुल 21 मर्तबा टक्कर हुई है। इनमें से राजस्थान ने 12 मैच अपने नाम किए जबकि पंजाब को 9 मुकाबलों जीत मिली। वहीं, पिछले सीजन में राजस्थान की टीम ने पंजाब के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया था और दोनों मुकाबलों में विजय हासिल की थी।

