LIVE

DC vs KXIP Highlights: दिल्ली कैपिटल्स का रोमांचक आगाज, सुपर ओवर में किंग्स इलेवन पंजाब को दी मात

DC vs KXIP yesterday match highlights: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का दूसरा मुकाबला रविवार को दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में यह मैच अपने नाम किया।

टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलटाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलUpdated Sep 21, 2020, 00:09 IST
Follow on Google News
DC vs KXIP Highlights: दिल्ली कैपिटल्स का रोमांचक आगाज, सुपर ओवर में किंग्स इलेवन पंजाब को दी मात

इडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 का आगाज शनिवार को शानदार अंदाज में हुआ। ओपनिंग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 5 विकेट से मात दी। यह मुकाबला काफी रोमांचक रहा और चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत नसीब  हुई। वहीं, रविवार को लीग का दूसरा मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के बीच खेला गया। दोनों टीमें में दुबई के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भिड़ीं।

SEPT 21, 2020 00:09 IST

दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में जीता मैच

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2020 में अपने अभियान का रोमांचक आगाज किया। दिल्ली ने किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ रोमांचक मुकाबला अपने नाम किया। दिल्ली ने पंजाब को सुपर ओवर में मात दी। दिल्ली ने 20 ओवरों में 8 विकेट गंवाकर 157 रन बनाए थे। वहीं, पंजाब की टीम भी 20 ओवरों में 8 विकेट पर 157 रन ही बना पाई और मैच सुपर ओवर में पहुंच गया। सुपर ओवर में पंजाब ने पहले खेलते हुए दो रन बनाए। जवाब में दिल्ली ने बिना विकेट खोए तीन रन बनाकर मैच जीत लिया।

SEPT 20, 2020 23:57 IST

कुछ ऐसा रहा सुपर ओवर

(पंजाब की पारी। बल्लेबाजी के लिए केएल राहुल और निकोलस पूरन आए)

पहली गेंद: कगिसो रबाडा की गेंद पर केएल राहुल ने दौड़कर दो रन लिए।

दूसरी गेंद: दूसरी बॉल पर केएल राहुल ने अक्षर पटेल को कैच थमाया।

तीसरी गेंद: रबाडा ने तीसरी बॉल पर निकोलस पूरन को बोल्ड किया।

(दिल्ली की पारी। बल्लेबाजी के लिए रिषभ पंत और श्रेयस अय्यर आए)

पहली गेंद: मोहम्मद शमी की गेंद पर रिषभ पंत ने कोई रन नहीं लिया।

दूसरी गेंद: वाइड

दूसरी गेंद: पंत ने दौड़कर दो रन लिए और दिल्ली कैपिटल्स ने मैच अपने नाम कर लिया।

SEPT 20, 2020 23:33 IST

मयंक अग्रवाल ने खेली 89 रन की पारी

पंजाब को सातवां झटका मयंक अग्रवाल के तौर पर लगा। सलामी बल्लेबाज मयंक ने दमदार 89 रन की पारी खेली। उन्होंने 60 गेंदों की अपनी पारी में 7 चौके और 4 छक्के मारे। उन्हें मार्कस स्टोइनिस ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शेमरॉन हेटमायर के हाथों कैच आउट कराया। उनका विकेट 157 के कुल स्कोर पर गिरा। मयंक ने अपने दम पर पंजाब को जीत के करीब पहुंचाया। हालांकि, उनके आउट होने से दिल्ली दोबारा मैच में लौट आई। मयंक के बाद क्रिस जॉर्डन क्रीज पर आए। पंजाब को जीत के लिए आखिरी गेंद पर एक रन की जरूरत थी लेकिन जॉर्डन रबाडा को कैच थमा बैठे। मैच अब सुपर ओवर में पहुंच चुका है।

SEPT 20, 2020 23:07 IST

कृष्‍णप्‍पा गौतम ने बनाए 20 रन

पंजाब को छठा झटका कृष्‍णप्‍पा गौतम के रूप में लगा। सातवें नंबर पर खेलने आए कृष्‍णप्‍पा गौतम ने मयंक अग्रवाल का बखूब साथ दिया। दोनों ने छठे विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी की। गौतम को रबाडा ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह रबाडा की गेंद को समझ नहीं पाए और विकेट के पीछे रिषभ पंत के हाथों लपके गए। उन्होंने 14 गेंदों में 20 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान एक और एक छक्का मारा। उनका विकेट 101 के कुल स्कोर पर गिरा। 

SEPT 20, 2020 22:53 IST

पंजाब को 60 रन की दरकार

15 ओवर का खेल पूरा हो गया है। किंग्स इलेवन पंजाब ने लड़खड़ाने के बावजूद 98 रन बना लिए हैं। पंजाब की मैच जीतने के लिए अभी 60 रन की दरकार है। मयंक अग्रवाल (35*) और कृष्‍णप्‍पा गौतम (20*) क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 43 रन की पार्टनरशिप हो चुकी है।
 

SEPT 20, 2020 22:44 IST

12 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 68/5

नियमित अंतराल पर विकेट गंवाने के चलते पंजाब की टीम उबर नहीं पाई है। कई बड़े खिलाड़ियों ने जल्दबाजी में अपना विकेट खो दिया। 12 ओवर के बाद पंजाब का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 68 रन है। मयंक अग्रवाल 22 और कृष्‍णप्‍पा गौतम तीन रन बनाकर खेल रहे हैं।

SEPT 20, 2020 22:36 IST

नहीं चला सरफराज का बल्ला

ग्लैन मैक्सवेल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए सरफराज खान भी जल्द पवेलियन लौट गए। उनसे टीम को काफी उम्मीदें थी लेकिन वह आशानुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए। उन्हें 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर अक्षर पटेल ने आउट किया। उन्होंने छक्के जमाने के प्रयास में पृथ्वी शॉ को बाउंड्री पर कैच थमा दिया। उन्होंने 12 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 12 रन बनाए। उनका विकेट 55 के कुल स्कोर पर गिरा।

SEPT 20, 2020 22:29 IST

मैक्सवेल ने महज एक रन बनाया

किंग्स इलेवन पंजाब का चौथा विकेट ग्लैन मैक्सवेल के रूप में गिरा। उन्हें कगिसो रबाडा ने सातवें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में श्रेयस अय्यर के हाथों लपके गए। उन्होंने 4 गेंदों में महज एक रन बनाया। उनका विकेट 35 के कुल स्कोर पर गिरा। 

SEPT 20, 2020 22:25 IST

अश्विन ने एक ओवर में 2 विकेट झटके

दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने छठे ओवर में दो विकेट झटके। उन्होंने ओवर की पहली गेंद पर करुण नायर को पवेलियन भेजा जबकि पांचवीं गेंद पर निकोलस पूरन को अपना शिकार बनाया। नायर ने 3 गेंदों में 1 रन बनाया वहीं पूरन अपना खाता भी नहीं खोल सके। 

SEPT 20, 2020 22:03 IST

केएल राहुल ने 21 रन बनाकर खोया विकेट

किंग्स इलेवन पंजाब को पहला झटका केएल राहुल के रूप में लगा। राहुल ने मयंक अग्रवास के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। राहुल ने 19 गेंदों में 21 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में दो चौके और छक्का जमाया। उन्हें पांचवें ओवर की तीसरी गेंद पर मोहित शर्मा ने अपना शिकार बनाया। वह मोहित की गेंद पर चूक गए और बोल्ड होकर पवेलियन लौट गए। 

SEPT 20, 2020 21:47 IST

लक्ष्य का पीछा करने आए राहुल और मयंक

किंग्स इलेवन पंजाब की ओर पारी का आगाज करने के लिए केएल राहुल और मयंक अग्रवाल आए हैं। दिल्ली की तरफ से गेंदबाजी की कमान एनरिक नॉर्टजे ने संभाली। नॉर्टजे का यह आईपीएल डेब्यू मैच है।

SEPT 20, 2020 21:25 IST

दिल्ली ने पंजाब को दिया 158 रन का लक्ष्य

दिल्ली कैपिटल्स ने किंग्स इलेवन पंजाब को जीत के लिए 158 रन का लक्ष्य दिया है। दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 157 रन बनाए। दिल्ली की ओर से सबसे ज्यादा रन मार्कस स्टोइनिस ने बनाए। उन्होंने अंतिम ओवर में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 21 गेंदों में 53 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने पारी में 7 चौके और 3 छक्के लगाए। उन्होंने क्रिस जॉर्डन द्वारा डाले गए 20वें ओवर में तीन चौके और 3 छक्के मारे। उनके अलावा  कप्तान श्रेयस अय्यर ने 39 का योगदान दिया। पंजाब के लिए मोहम्मद शमी ने तीन, शेनन कॉट्रेल ने दो और रवि बिश्नोई ने एक विकेट हासिल किया।
 

SEPT 20, 2020 21:06 IST

18 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 113/6

दिल्ली कैपिटल्स ने खराब शुरुआत के बाद संभलकर बल्लेबाजी की। टीम ने बड़ा स्कोर बनाने का काफी प्रयास किया लेकिन विकेटों के गिरने के सिलसिला थमा नहीं। 18 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 6 विकेट खोकर 113 रन है। मार्कस स्टोइनिस और रविचंद्रन अश्विन बल्लेबाजी कर रहे हैं। 
 

SEPT 20, 2020 21:02 IST

अक्षर पटेल ने 6 रन बनाकर गंवाया विकेट

दिल्ली को कैपिटल्स का छठा विकेट अक्षर पटेल के तौर पर गिरा। श्रेयस अय्यर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए अक्षर सस्ते में अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने 9 गेंदों में महज 6 रन बनाए। उन्हें  शेनन कॉट्रेल ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। उनका विकेट 96 के कुल स्कोर पर गिरा।

SEPT 20, 2020 20:58 IST

दिल्ली-पंजाब की प्लेइंग इलेवन

दिल्‍ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्‍तान), शिखर धवन, पृथ्‍वी शॉ, रिषभ पंत (विकेटकीपर), शेमरॉन हेटमायर, रविचंद्रन अश्विन, मार्कस स्टोइनिस, मोहिद शर्मा, अक्षर पटेल, कगिसो रबाडा और एनरिक नॉर्टजे।

किंग्‍स इलेवन पंजाब: केएल राहुल (कप्‍तान और विकेटकीपर), मयंक अग्रवाल, करुण नायर, निकोलस पूरन, सरफराज खान, क्रिस जॉर्डन, कृष्‍णप्‍पा गौतम, ग्लैन मैक्सवेल, मोहम्‍मद शमी, रवि बिश्नोई और शेनन कॉट्रेल।

SEPT 20, 2020 20:56 IST

अर्धशतक से चूके कप्तान श्रेयस अय्यर

रिषभ पंत के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर भी अगले ओवर में आउट हो गए। लग रहा था कि वह अपना अर्धशथक पूरा लेकिन ऐसा हो नहीं पाया। उन्हें मोहम्मद शमी ने 15वें ओवर की पहली गेंद पर अपना शिकार बनाया। वह छक्का जड़ने के चक्कर में मिड-ऑफ पर क्रिस जॉर्डन को कैच थमा बैठे। उन्होंने 32 गेंदों में 39 रन की पारी खेली। उन्होंने इस दौरान 3 छक्के जड़े। उनका विकेट 87 के कुल स्कोर पर गिरा।

SEPT 20, 2020 20:48 IST

रिषभ पंत को रवि बिश्वनोई ने भेजा पवेलियन

दिल्ली कैपिटल्स को चौथा झटका रिषभ पंत के रूप में लगा। उन्होंने 29 गेंदों में 31 रन की  पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके मारे। पंत को स्पिनर रवि बिश्नोई ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन भेजा। रवि के आईपीएल करियर का यह पहला विकेट है। पंत बड़ा शॉट मारने की फिराक में थे लेकिन गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेट में घुस गई। उनका विकेट 86 के कुल स्कोर गिरा। उन्होंने चौथे विकेट के लिए श्रेयस अय्यर के साथ 73 रन की साझेदारी की। 

SEPT 20, 2020 20:33 IST

श्रैयस और रिषभ के बीच 50 रन की साझेदारी

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत के बीच 50 रन की साझेदारी पूरी हो गई है। दोनों ने तीन विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभाली थी। 12 ओवर का खेल पूरा होने के बाद दिल्ली ने 64 रन बना लिए हैं। 

SEPT 20, 2020 20:28 IST

रवि बिश्नोई को मिला पहला ओवर

अंडर-19 विश्व कप में भारत की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाले स्पिनर रवि बिश्नोई को पंजाब के कप्तान केएल राहुल ने गेंदबाजी का मौका दिया। बिश्नोई ने अपनी टीम के लिए 10वां ओवर डाला। उन्होंने काफी सधी हुई गेंदबाजी की और ओवर में सिर्फ 4 रन दिए। 
 

SEPT 20, 2020 20:18 IST

50 रन के करीब पहुंची दिल्ली

लड़खड़ाने के बाद दिल्ली की टीम कुछ हद तक संभलने में कामयाब रही है। क्रीज पर श्रेयस अय्यर और रिषभ पंत जमे हुए हैं। दोनों 15-15 के निजी स्कोर पर हैं। 9 ओवर का खेल पूरा हेने के बाद दिल्ली का स्कोर 45/3 है।

SEPT 20, 2020 20:03 IST

6 ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर 23/3

दिल्ली कैपिटल्स ने 6 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 23 रन बना लिए हैं। शिखर धवन, पृथ्वी शॉ और शेमरॉन हेटमायर के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर और रिषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे हैं। दोनों बेहद संभलकर पंजाब के गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं। 

SEPT 20, 2020 19:57 IST

शमी ने एक ओवर में चटकाए दो विकेट

मोहम्मद शमी ने चौथे ओवर में दिल्ली को दो झटके दिए। शमी ने ओवर की तीसरी गेंद पर सलामी बल्लेबाज पृथ्‍वी शॉ को पवेलियन भेजा जबकि अंतिम गेंद पर शेमरॉन हेटमायर को आउट किया। शॉ ने 9 गेंदों में एक चौके की मदद से 5 रन बनाए। वहीं, हेटमायर ने 13 गेंदें खेलकर 7 रन बनाए। उन्होंने इस दौरान एक चौका जमाया। दिल्ली ने अपनी तीन विकेट 13 के कुल स्कोर पर खो दिए। 

SEPT 20, 2020 19:48 IST

बिना खाता खोले आउट हुए धवन

सलामी बल्लेबाज शिखर धवन बिना खाता खोले अपना विकेट गंवा बैठे। वह दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर रनआउट हो गए। वह पहले मोहम्मद शमी की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट होने से बचे लेकिन रन लेने की कोशिश में पवेलियन लौट गए। उन्होंने महज दो गेंदें खेलीं। 

SEPT 20, 2020 19:36 IST

पहले ओवर में दिल्ली ने बनाए 5 रन

दिल्ली की ओर से पारी का आगाज करने शिखर धवन और पृथ्वी शॉ आए। शॉ ने पारी के पहले ओवर में 5 रन जुटाए। पंजाब की तरफ से गेंदबाजी की कमान शेनन कॉट्रेल ने संभाली।

SEPT 20, 2020 19:24 IST

पंजाब का कर्नाटक के खिलाड़ियों पर भरोसा

पंजाब के कप्तान केएल राहुल और कोच अनिल कुंबले ने कर्नाटक के खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। पंजाब की अंतिम एकादश में कर्नाटक के केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, करुण नायर और कृष्णप्पा गौतम हैं। 

SEPT 20, 2020 19:14 IST

इन विदेशी खिलाड़ियों को टीम में मिली जगह

पंजाब ने ग्लैन मैक्सवेल, निकोलस पूरन, शेनन कॉट्रेल, किस जॉर्डन और दिल्ली ने शेमरॉन हेटमायर, मार्कस स्टोइनिस, कगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे को विदेशी खिलाड़ी के तौर पर प्लेइंग में शामिल किया है।

SEPT 20, 2020 19:07 IST

किंग्‍स इलेवन पंजाब ने जीता टॉस

किंग्‍स इलेवन पंजाब ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ टॉस जीता है। पंजाब ने टॉस जीतकर दिल्ली को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया है।

SEPT 20, 2020 18:47 IST

पिछले सीजन में ऐसा था प्रदर्शन

साल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ में पहुंचने में सफल हुई थी। उसने 14 में से 9 मैच जीते थे और प्वांइट्स टेबल में तीसरे स्थान पर रही थी। वहीं किंग्ल इलेवन पंजाब की टीम 14 में से 6 मैच जीतकर छठे स्थान पर रही थी।  
 

SEPT 20, 2020 16:29 IST

तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा हुए चोटिल

दिल्ली कैपिटल्स के मुख्य तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा चोटिल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि इशांत को मैच से एक दिन पहले अभ्‍यास सत्र के दौरान पीठ में चोट लगी। इससे पहले इशांत को इस साल जनवरी में एड़ी की चोट के कारण बाहर होना पड़ा था और एक महीने बाद न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उनकी वापसी हुई थी। इसके बाद वह फिर एड़ी की चोट के कारण वो बाहर हो गए थे।

SEPT 20, 2020 16:18 IST

दिल्ली के खिलाफ पंजाब का पलड़ा भारी

दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब की आईपीएल इतिहास की सबसे कमजोर टीमों में गिनती होती है। हालांकि, दोनों टीमों के बीच भिड़ंत काफी रोचक रही है। लीग में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 14 में पंजाब और 10 में दिल्ली ने जीत दर्ज की है। पिछले सीजन में दोनों टीमें एक-एक मैच जीतकर बराबरी पर रही थीं।