कभी मैदान पर जड़ा था थप्पड़..जानिए हरभजन सिंह के संन्यास लेने के बाद श्रीसंत ने क्या कहा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 24, 2021, 10:08 PM IST

S Sreesanth on Harbhajan Singh's retirement: दिग्गज भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शुक्रवार को क्रिकेट से संन्यास लिया तो तमाम दिग्गजों ने शुभकामनाएं दीं, इसमें श्रीसंत का नाम भी शामिल है जिनके साथ आईपीएल में हुआ उनका विवाद आज भी लोग नहीं भूलते।

कभी मैदान पर जड़ा था थप्पड़..जानिए हरभजन सिंह के संन्यास लेने के बाद श्रीसंत ने क्या कहा
Photo Credit: Twitter

हरभजन सिंह भारतीय क्रिकेट का वो चेहरा रहे जिनके साथ विवाद तो जुड़े रहे लेकिन टीम के तकरीबन सभी खिलाड़ियों के साथ उनकी दोस्ती शानदार रही। इसके अलावा करियर में उनके शानदार प्रदर्शन ने भी सभी विवादों को धुंधला कर दिया। लेकिन उनके आईपीएल करियर का एक पल ऐसा जरूर रहा जो आज भी सबसे बड़े विवादों में गिना जाता है। जब आईपीएल के पहले सीजन के एक मैच के बाद श्रीसंत ने आरोप लगाया कि हरभजन सिंह ने मैदान पर उन्हें थप्पड़ जड़ दिया। अब सालों बाद जब हरभजन सिंह ने आज क्रिकेट से संन्यास लिया तो श्रीसंत ने भी उनको शुभकामनाएं दी हैं।

बेशक करियर के दौरान कुछ मतभेद रहे लेकिन भज्जी और श्रीसंत, दोनों ने भारतीय क्रिकेट टीम को अपनी सेवाएं दीं और दोनों का मकसद भी देश का नाम रोशन करना था। ऐसे में जब भज्जी ने संन्यास का ऐलान किया तो श्रीसंत ने एक भावुक संदेश में लिखा, "हरभजन सिंह तुम क्रिकेट खेलने वाले महान खिलाड़ियों में से एक रहे, ये मेरे लिए गर्व की बात है कि मैं आपको जानता हूं और आपके साथ खेलने का मौका मिला भज्जीपा। आपका गेंदबाजी से पहले गले लगना (मेरे लिए लकी) हमेशा याद रहेगा।"

जब हरभजन सिंह और श्रीसंत के बीच थप्पड़ वाला विवाद हुआ था तब वो तस्वीरें आज भी फैंस नहीं भूले होंगे जिसमें श्रीसंत मैदान पर रोते हुए नजर आए थे। बाद में इसको लेकर भज्जी की आधिकारिक शिकायत की गई थी जिसका नतीजा ये रहा कि मैच रेफरी ने उनको दोषी पाते हुए ना सिर्फ पूरे आईपीएल सीजन से बाहर किया बल्कि रिपोर्ट के मुताबिक भज्जी अपनी सैलरी भी नहीं ले सके।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!