यूटिलिटी

बढ़ते बिजली बिल से परेशान हैं? अपनाएं ये एक्सपर्ट टिप्स, हर महीने होगी भारी बचत

Electricity Bill Savings Tips: अगर आप बिजली बिल से परेशान हैं तो डेली लाइफ में कुछ छोटी आदतें बदलकर आप हर महीने भारी पैसों की बचत कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं कैसे बिजली बचाएं।

Image

अब नहीं सताएगा बिजली का बिल! इन आसान टिप्स से करें हर महीने हजारों की बचत

Photo : iStock

Electricity Bill Savings Tips : आज के समय में घर का खर्च चलाना किसी चुनौती से कम नहीं है। घर के किराए, बच्चों की स्कूल फीस और लोन की ईएमआई के अलावा बिजली का बिल भी हर महीने लोगों की जेब पर भारी पड़ता है। मौसम में अभी भी गर्मी बनी हुई है, जिसके चलते घरों में एयर कंडीशनर (AC) लंबे समय तक चल रहे हैं। इसके अलावा, हमारे दैनिक जीवन में गैजेट्स की बढ़ती संख्या भी घरेलू बिजली के खर्चों पर लगातार दबाव बढ़ा रही है। रेडियस सिनर्जीज इंटरनेशनल के कार्यकारी निदेशक और पावर सेक्टर के एक्सपर्ट भरत भूषण का मानना है कि रोजमर्रा की आदतों में कुछ बहुत ही छोटे और आसान बदलाव करके उपभोक्ता अपनी बिजली की खपत को काफी हद तक कम कर सकते हैं और अपने बिल को नियंत्रण में रख सकते हैं। आइए जानते हैं उनके बताए गए कुछ खास और असरदार टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप अपने बिजली के बिल में भारी कटौती कर सकते हैं।

बिजली का बिल बचाने का आसान तरीका: इस्तेमाल न होने पर उपकरणों बंद करें

अक्सर हम बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल को लेकर लापरवाह हो जाते हैं। टीवी और अन्य गैजेट्स को इस्तेमाल के बाद खुला छोड़ देना या रिमोट से बंद कर देना बहुत आम बात है। कई बार हम मोबाइल या लैपटॉप के चार्जर को बोर्ड में ही लगा छोड़ देते हैं या एसी को सिर्फ रिमोट से ऑफ करते हैं, मेन स्विच से बंद नहीं करते। इन छोटी-छोटी आदतों से उपकरण स्टैंडबाय मोड पर रहते हैं और लगातार बिजली खींचते रहते हैं। भले ही यह खपत एक दिन में बहुत छोटी लगे, लेकिन लंबे समय तक ऐसा होने से यह आपके बिजली के बिल को काफी बढ़ा देती है। इसलिए, जब भी कोई उपकरण इस्तेमाल में न हो, तो उसे मुख्य स्विच (मेन बोर्ड) से पूरी तरह बंद करना और प्लग निकाल देना एक बेहतरीन आदत है।

एसी का तापमान 25 से 27 डिग्री के बीच रखें

भारतीय घरों में बिजली की कुल खपत का एक बहुत बड़ा हिस्सा एयर कंडीशनर यानी एसी की वजह से होता है, खासकर गर्मी के मौसम में। लोग अक्सर कमरे को जल्दी ठंडा करने के लिए एसी का तापमान बहुत कम, यानी 18 से 20 डिग्री सेल्सियस पर सेट कर देते हैं। एक्सपर्ट के अनुसार, ऐसा करने से कंप्रेसर पर बहुत ज्यादा दबाव पड़ता है और बिजली की खपत अत्यधिक बढ़ जाती है। बिजली का बिल बचाने का आसान तरीका, एसी का तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रखना सबसे समझदारी भरा कदम है। यह तापमान सेहत के लिहाज से भी काफी अच्छा माना जाता है और इस्तेमाल के आधार पर आपके बिजली के बिल को करीब 30% से 40% तक कम कर सकता है।

हमेशा ऊर्जा-कुशल (एनर्जी एफिशिएंट) उपकरण खरीदें

बिजली की खपत को कम करने का एक और आसान तरीका सही उपकरणों का चुनाव करना है। बाजार में कई तरह के ऊर्जा-कुशल उपकरण उपलब्ध हैं। उदाहरण के लिए, पुराने और पारंपरिक बल्बों या उपकरणों की तुलना में एलईडी (LED) बल्ब और एलईडी टीवी बहुत कम बिजली की खपत करते हैं। जब भी आप कोई नया बिजली का उपकरण खरीदने जाएं या पुराने खराब उपकरणों को बदलें, तो हमेशा उनकी एनर्जी एफिशिएंसी (जैसे 5-स्टार रेटिंग वाले उपकरण) पर जरूर ध्यान दें। शुरुआती दौर में ये उपकरण थोड़े महंगे लग सकते हैं, लेकिन लंबे समय में ये बिजली के बिल में भारी बचत करके आपके पैसे वसूल कर देते हैं।

स्मार्ट मीटर की मदद से बिजली की खपत पर रखें नजर

बिजली बचाने की राह में सबसे बड़ी रुकावट यह होती है कि उपभोक्ताओं को इस बात की स्पष्ट जानकारी ही नहीं होती कि वे रोजाना कितनी बिजली खर्च कर रहे हैं। इस समस्या का सबसे बेहतरीन समाधान स्मार्ट मीटर हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को उनकी बिजली की खपत के पैटर्न के बारे में पूरी और स्पष्ट जानकारी देते हैं। इसके जरिए आप अपनी दैनिक और मासिक बिजली की खपत को आसानी से देख सकते हैं। जब आपको यह पता होगा कि किस समय बिजली की खपत सबसे ज्यादा हो रही है, तो आप अपने इस्तेमाल के तरीके को बेहतर ढंग से प्रबंधित कर सकेंगे और फिजूलखर्च को रोक पाएंगे।

स्मार्ट उपकरणों से करें खराबी की समय पर पहचान

आज की तकनीक ने हमारे जीवन को काफी आसान बना दिया है। बाजार में अब कई ऐसे आधुनिक स्मार्ट उपकरण आ चुके हैं जो तकनीक के मामले में काफी आगे हैं। कई बार किसी घरेलू उपकरण में अंदरूनी खराबी या तकनीकी गड़बड़ी आ जाती है, जिसके कारण वह उपकरण सामान्य से बहुत ज्यादा बिजली खींचने लगता है। स्मार्ट उपकरण इस तरह की गड़बड़ियों या खराबी की पहचान करने में बेहद मददगार साबित होते हैं। ये समय रहते यूजर्स को उपकरण में आई खराबी का अलर्ट भेज देते हैं। अगर इस समस्या का समाधान तुरंत करवा लिया जाए, तो न केवल बिजली की भारी बर्बादी को रोका जा सकता है, बल्कि आपके घर का बिजली का बिल भी पूरी तरह नियंत्रण में रहता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article