40 साल की उम्र में फिर कमान संभालेंगे शाहिद अफरीदी, बने इस टीम के कप्तान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 22, 2020, 04:54 PM IST

Shahid Afridi to lead Galle Gladiators: शाहीद अफरीदी एक बार फिर टीम की कमान संभालने जा रहे हैं। उन्हें लंका प्रीमियर लीग में गॉल ग्लैडिएटर्स फ्रेंचाइजी ने अपना कप्तान बनाया है।

40 साल की उम्र में फिर कमान संभालेंगे शाहिद अफरीदी, बने इस टीम के कप्तान
Photo Credit: Twitter

कई बार स्थगित हो चुकी श्रीलंका क्रिकेट की लंका प्रीमियर लीग (एलपीएल) 2020 का आखिरकार होने जा रहा है। यह लीग 26 नवंबर से शुरू होगी और 16 दिसंबर तक चलेगी। तीन सप्ताह तक हम्बनटोटा में खेले जाने वाले इस टी20 टूर्नामेंट में पांच फ्रेंचाइजी हिस्सा ले रही हैं, जिसमें एक टीम गॉल ग्लैडिएटर्स है। ग्लैडिएटर्स ने एलपीएल के पहले सीजन के लिए पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी को अपना कप्तान चुना है। पाकिस्तान टीम के कप्तान रह चुके अफरीदी अब 40 साल की उम्र में ग्लैडिएटर्स की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे।

भनुका को बनाया गया टीम का उपकप्तान

शाहिद अफरीदी का जहां गॉल ग्लैडिएटर्स की कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है वहीं भनुका राजक्षे को इस टीम का उपकप्तान बनाया गया है। ग्लेडिएटर्स ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'गॉल ग्लेडिएटर्स ने सुपरस्टार शाहिद अफरीदी को टीम का कप्तान और भनुका राजपक्षे को उपकप्तान बनाया है।'अफरीदी ने पाकिस्तान के लिए 27 टेस्ट, 398 वनडे और 99 टी20 मुकाबले खेले हैं। हाल ही में वह पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2020 के प्लेआफ मुकाबलों में खेले थे, जहां उन्होंने मुल्तान सुल्तान के लिए दो मैचों में 12 रन बनाए और तीन विकेट हासिल किए।

अफरीदी को इसलिए बनाया गया कप्तान

गॉल ग्लैडिएटर्स टीम को पाकिस्तानी बिजनेसमैन नदीम उमर ने खरीदा है। उमर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में क्वेटा ग्लैडिएटर्स फ्रेंचाइजी के भी मालिक हैं। उमर ने कहा, 'अफरीदी टीम के कप्तान होंगे क्योंकि वह हमारी फ्रेंचाइजी में सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी हैं और उन्हें कप्तानी का अनुभव भी है।' बता दें कि अफरीदी से पहले सरफराज अहमद को गॉल ग्लैडिएटर्स का कप्तान बनाए जाने का ऐलान किया गया था, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज का न्यूजीलैंड दौरे के लिए पाकिस्तान टीम में सिलेक्शन होने के बाद  फ्रेंचाइजी को फैसला बदलना पड़ा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!