नए युग की शुरुआतः नए टी20 उपकप्तान केएल राहुल ने 'दीवार' और 'हिटमैन' पर खास बयान दिया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 15, 2021, 08:42 PM IST

KL Rahul press conference, India vs New Zealand T20I series: भारतीय टी20 टीम के नए उपकप्तान केएल राहुल ने भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज से पहले मीडिया से मुखातिब होते हुए कुछ खास बयान दिए हैं।

नए युग की शुरुआतः नए टी20 उपकप्तान केएल राहुल ने 'दीवार' और 'हिटमैन' पर खास बयान दिया

KL Rahul, IND vs NZ: भारतीय टी20 टीम के नए उपकप्तान केएल राहुल न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला में हिटमैन के नाम से मशहूर नए टी20 कप्तान रोहित शर्मा और दीवार के नाम से मशहूर रहे नए मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के साथ खेलने को लेकर उत्साहित हैं और उनका कहना है कि मुख्य कोच द्रविड़ अच्छे ‘टीम कल्चर’ पर फोकस के लिये जाने जाते हैं जबकि रोहित कुशल रणनीतिकार हैं। इस सीरीज से भारतीय क्रिकेट के नये युग का भी आगाज हो रहा है। टी20 विश्व कप के बाद मुख्य कोच रवि शास्त्री का कार्यकाल खत्म हो गया जबकि विराट कोहली ने टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया।

अगला विश्व कप 12 महीने ही दूर है और राहुल ने कहा कि टीम प्रबंधन जल्दी ही तय करेगा कि इस प्रारूप में क्या सर्वश्रेष्ठ हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि राहुल द्रविड़ को लंबे समय से जानता हूं। अपने करियर की शुरूआत से ही मैने उनकी सलाह पर अमल करके खेल को बेहतर समझा है और बल्लेबाजी की कला में खुद को निखारने की कोशिश की है। कर्नाटक में उन्होंने हम सभी की काफी मदद की है।"

हम सबको पता है कि उन्होंने देश के लिए क्या किया

उन्होंने आगे कहा, ‘‘एक कोच के तौर पर वह सभी युवा खिलाड़ियों के साथ रहे हैं। उनका मुख्य कोच के रूप में आना उनसे काफी कुछ सीखने का मौका है। हम सभी को पता है कि वह कितना बड़ा नाम है और उन्होंने देश के लिये क्या कुछ किया है।’’ राहुल ने कहा, ‘‘मैंने भारत ए के लिये कुछ मैच खेले हैं और यहां अभ्यास के लिये आने से पहले उनके साथ संक्षिप्त बातचीत की। वह अच्छे टीम कल्चर के हिमायती रहे हैं और ऐसा माहौल बनाने पर फोकस रखते हैं कि बतौर क्रिकेटर और बतौर इंसान हम और बेहतर हो सकें।"

केएल राहुल ने आगे कहा, ‘‘वो अपने करियर के दौरान हमेशा टीम के लिये पहले सोचते थे और यही संस्कृति वह अपने साथ लेकर आयेंगे जिसमें हर कोई निजी लक्ष्यों पर टीम के हितों को तरजीह देगा।’’

हिटमैन के आंकड़े सब कुछ कहते हैं

रोहित शर्मा के बारे में केएल राहुल ने कहा, ‘‘हमने आईपीएल में उसे देखा है और उसके आंकड़े सब कुछ कहते हैं। उसे खेल की जबर्दस्त समझ है और वह कुशल रणनीतिकार है। यही वजह है कि कप्तान के तौर पर वह इतना कुछ हासिल कर सका।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वो ड्रेसिंग रूम में ठहराव लेकर आयेगा। अगले कुछ सप्ताह में यह जानना रोचक होगा कि टीम के लिये उसके क्या लक्ष्य हैं। टीम खेल में फैसले सामूहिक तौर पर लिये जाते हैं और नेतृत्व समूह का काम यह सुनिश्चित करना होता है कि हर किसी को उसकी भूमिका का इल्म हो और वह टीम में सुरक्षित महसूस करे।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!