अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान, ठाकुर की जगह ले सकता है ये खिलाड़ी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 17, 2021, 07:05 PM IST

Indian squad for 3rd and 4th test against England: चयन समिति ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे और चौथे टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टेस्ट टीम का ऐलान कर दिया है।

अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिए टीम इंडिया का हुआ ऐलान, ठाकुर की जगह ले सकता है ये खिलाड़ी
Photo Credit: Twitter

नई दिल्लीः भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज इस समय 1-1 से बराबरी पर है और अब सीरीज के अंतिम दो टेस्ट मैच बाकी हैं जो विजेता का फैसला करेंगे। इन अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिए चयन समिति ने बुधवार को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया। इस टीम में ज्यादा कोई बदलाव नहीं किया है। मोहम्मद शमी को अभी शामिल नहीं किया गया है और उमेश यादव अगर फिट घोषित कर दिये जाते हैं तो उन्हें शार्दुल ठाकुर की जगह भारतीय टीम में शामिल किया जाएगा।

भारतीय चयनकर्ताओं ने बुधवार को अंतिम दो टेस्ट मैचों के लिये टीम का चयन किया और 18 में से 17 खिलाड़ियों को इसमें बनाये रखा। बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने यहां जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘उमेश यादव अहमदाबाद में टीम से जुड़ेंगे और उनकी फिटनेस का आकलन होने के बाद वह शार्दुल ठाकुर की जगह लेंगे जिन्हें विजय हजारे ट्राफी में खेलने की अनुमति दे दी गयी है।’’

उमेश आस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेले गये दूसरे टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हो गये थे। उनकी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। इसके बाद वह स्वदेश लौट आये थे। एक अन्य तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एडीलेड में पहले टेस्ट मैच के दौरान ही चोटिल हो गये थे और माना जा रहा है कि वह पांच दिन मैच के लिये अभी तक पूरी तरह फिट नहीं हैं।

नदीम को स्टैंडबाइ सूची से हटाया गया

बायें हाथ के स्पिनर शाहबाज नदीम को पहले टेस्ट मैच में खराब प्रदर्शन के बाद स्टैंड बाइ खिलाड़ियों की सूची से हटा दिया गया है। लेग स्पिनर राहुल चाहर और विकेटकीपर बल्लेबाज कोना श्रीकर भरत को स्टैंड बाई खिलाड़ियों में रखा गया है। प्रियांक पांचाल और अभिमन्यु मिथुन को भी विजय हजारे ट्राफी में खेलने के लिये कहा गया है।

ये निभाएंगे नेट गेंदबाज की भूमिका

चेन्नई में नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ रहे पांचों गेंदबाज अंकित राजपूत, अवेश खान, संदीप वारियर, कृष्णप्पा गौतम और सौरभ कुमार अहमदाबाद में यह भूमिका निभाएंगे। तीसरा टेस्ट मैच 24 फरवरी से खेला जाएगा। यह डे-नाइट टेस्ट होगा। चौथा और अंतिम टेस्ट मैच चार मार्च से शुरू होगा।

ये है तीसरे व चौथे टेस्ट के लिए भारतीय टीम

विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उप-कप्तान), आर अश्विन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर) और ऋद्धिमान साहा (विकेट कीपर)। स्टैंडबाई खिलाड़ी: राहुल चाहर और केएस भरत।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!