भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के दौरान दर्शकों की स्‍टेडियम में 'नो एंट्री', जीसीए ने बताया प्रमुख कारण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 1, 2022, 04:58 PM IST

India vs West Indies Odi series: भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच 6 फरवरी से अहमदाबाद में तीन वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होगा। गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन ने वनडे सीरीज में दर्शकों को अनुमति नहीं देने का कारण बताया है।

भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच वनडे सीरीज के दौरान दर्शकों की स्‍टेडियम में 'नो एंट्री', जीसीए ने बताया प्रमुख कारण

अहमदाबाद: गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) ने मंगलवार को कहा कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच छह से 11 फरवरी तक होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज कोविड-19 महामारी के कारण दर्शकों के बिना खाली स्टेडियम में खेली जाएगी। ये तीनों मैच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाएंगे।

जीसीए ने ट्वीट किया, 'हम वेस्टइंडीज के भारत दौरे पर वनडे सीरीज की मेजबानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। छह फरवरी को पहला वनडे एक बहुत ही खास और ऐतिहासिक मैच होगा क्योंकि भारत इस प्रारूप में अपना 1000वां मुकाबला खेलेगा। भारतीय टीम दुनिया की पहली क्रिकेट टीम होगी जो यह उपलब्धि हासिल करेगी।'

बोर्ड ने एक अन्य ट्वीट में बताया, 'मौजूदा हालात को देखते हुए सभी मैच दर्शकों के बिना खाली स्टेडियम में खेले जायेंगे।'

वनडे के बाद दोनों टीमों को कोलकाता में तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलनी है, जिसके लिए पश्चिम बंगाल सरकार ने 75 प्रतिशत दर्शकों की उपस्थिति की अनुमति दी है। पश्चिम बंगाल सरकार ने कहा कि सभी इंडोर और आउटडोर खेल गतिविधियों में स्‍थान पर 75 प्रतिशत तक दर्शक आ सकते हैं। पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को कहा, 'आयोजन स्थल की क्षमता के 75 प्रतिशत के साथ सभी इनडोर और आउटडोर खेल गतिविधियों की अनुमति होगी।' ईडन गार्डन्‍स पर 50,000 तक दर्शक मैच का आनंद उठाने आ सकते हैं।

इस बीच क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) अध्‍यक्ष अविषेक डालमिया ने टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दौरान फैंस को अनुमति देने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार का शुक्रिया अदा किया है। ध्‍यान दिला दें कि कोलकाता ने पिछले साल न्‍यूजीलैंड के भारत दौरे पर तीसरे टी20 इंटरनेशनल की मेजबानी की थी और 50 प्रतिशत तक दर्शकों को स्‍टेडियम में आने की अनुमति दी थी।

अविषेक ने एक बयान में कहा, 'खेल गतिविधियों को फिर से शुरू करने की घोषणा के साथ-साथ दर्शकों की 75 प्रतिशत क्षमता को स्टेडियम में वापस लाने की घोषणा करने के लिए हम माननीय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मुख्य सचिव और पश्चिम बंगाल सरकार के आभारी हैं। हमें लगता है कि यह राज्य के खिलाड़ियों को एक नया जीवन देगा। पिछले साल न्‍यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशल मैच के बाद इस बार भी कैब को विश्‍वास है कि वह वेस्‍टइंडीज के खिलाफ तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सफल मेजबानी करेगा।'

भारत और वेस्‍टइंडीज के बीच वनडे सीरीज का कार्यक्रम

  • 6 फरवरी 2022 - पहला वनडे, अहमदाबाद, दोपहर 1:30 बजे
  • 9 फरवरी 2022 - दूसरा वनडे, अहमदाबाद, दोपहर 1:30 बजे
  • 11 फरवरी 2022 - तीसरा वनडे, अहमदाबाद, दोपहर 1:30 बजे
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!