ICC ने किया वनडे रैंकिंग का ऐलान, जानिए कैसा है टीम इंडिया के प्लेयर्स का हाल, डिकॉक-डुसें को हुआ बड़ा फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2022, 04:01 PM IST

ICC ODI Ranking: आईसीसी ने भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे सीरीज के बाद रैंकिंग का ऐलान कर दिया है। विराट कोहली और रोहित शर्मा अपनी जगह पर कायम हैं। जानिए अन्य खिलाड़ियों का हाल।

ICC ने किया वनडे रैंकिंग का ऐलान, जानिए कैसा है टीम इंडिया के प्लेयर्स का हाल, डिकॉक-डुसें को हुआ बड़ा फायदा
Photo Credit: Twitter

दुबई: भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल ही में संपन्न श्रृंखला में अच्छे प्रदर्शन के साथ आईसीसी एक दिवसीय बल्लेबाजों की रैंकिंग में दूसरा स्थान बरकरार रखा है । दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के बाद टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने वाले कोहली ने तीन मैचों की वनडे श्रृंखला में 116 रन बनाये।

भारतीय वनडे टीम की कप्तानी संभालने जा रहे रोहित शर्मा चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नहीं खेले लेकिन उन्होंने तीसरा स्थान कायम रखा है। कोहली के 836 रेटिंग अंक है जबकि रोहित के 801 रेटिंग अंक हैं। पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम 873 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर हैं।

डिकॉक की हुई टॉप 5 में, डुसें टॉप 10 में एंट्री 
दक्षिण अफ्रीका के रॉसी वान डर डुसें शीर्ष दस में पहुंचकर दसवें स्थान पर हैं। क्विंटन डिकॉक चार पायदान चढ़कर पांचवें स्थान पर हैं। डिकॉक ने श्रृंखला में सर्वाधिक 229 और डुसेन ने 218 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा 21 पायदान चढकर 59वें स्थान पर हैं। उन्होंने तीन मैचों में 153 रन बनाये। 


लुंगी नगिडी ने लगाई चार पायदान की छलांग
गेंदबाजी में लुंगी नगिडी चार पायदान चढ़कर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। भारत के भुवनेश्वर कुमार चार पायदान गिरकर 22वें स्थान पर हैं। केशव महाराज 18 पायदान की छलांग लगाकर 33वें स्थान पर हैं। न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट पहले और ऑस्ट्रेलिया के जोश हेजलवुड दूसरे स्थान पर हैं। हरफनमौलाओं की रैंकिंग में दक्षिण अफ्रीका के एंडिले फेलुक्वायो तीन पायदान चढकर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!