Yamuna Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के नोएडा में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ईकोटेक-प्रथम थाना क्षेत्र में गलगोटिया विश्वविद्यालय के पास यमुना एक्सप्रेसवे पार करते समय एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कासना थाना क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोएडा: यमुना एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से दंपति की दर्दनाक मौत, कासना में सड़क हादसे में एक अन्य की जान गई
गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास यमुना एक्सप्रेसवे पार करते वक्त हादसा
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मंगलवार को यह हादसा ईकोटेक-प्रथम थाना क्षेत्र के अंतर्गत गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास हुआ, जहां मृतक पति-पत्नी की पहचान अंजू देवी (37 वर्ष) और उनके पति दिनेश (44 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पास के ही घरबरा गांव के रहने वाले थे।
ईकोटेक-प्रथम थाना प्रभारी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि बीती रात दोनों पति-पत्नी यमुना एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साथ ही टक्कर मारकर भागने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
कासना क्षेत्र में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत
इसके अलावा सड़क दुर्घटना का दूसरा मामला कासना थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां कासना थाने के प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि बीती रात एक सड़क हादसे हुआ, जिसमें 37 वर्षीय राजू सरोज गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई है। पुलिस ने राजू सरोज के शव को भी पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
