ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बढ़ रही हैं। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (Yamuna Expressway Industrial Development Authority) ने मंगलवार को ई ऑक्शन के माध्यम से बड़ी धनराशि की बिड हासिल की है। 1000 वर्ग मीटर के कुल 45 भूखंडों के लिए सफलतापूर्वक संपन्न हुए इस ई ऑक्शन के जरिए यीडा क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये का निवेश संभव हो सकेगा। यही नहीं, परियोजनाओं के क्रियाशील होने पर यहां 5000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकेंगे। इससे यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के विकास में भी गतिशीलता आएगी। उल्लेखनीय है कि यीडा क्षेत्र में योगी सरकार विभिन्न परियोजनाओं के लिए भूखंड उपलब्ध करा रही है। इसमें विभिन्न औद्योगिक समूह अपनी रुचि दिखा रहे हैं।
(प्रतिकात्मक फोटो)
रिजर्व बिड प्राइज 2.50 करोड़ रुपए निर्धारित
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने मंगलवार को संस्थागत भूखंडों की योजना के तहत ई ऑक्शन का आयोजन किया। इसके तहत यीडा क्षेत्र में कॉर्पोरेट ऑफिस के लिए 1000-1000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के कुल 45 भूखंडों को सम्मिलित किया गया था। इसमें प्रत्येक भूखंड के सापेक्ष रिजर्व प्राइज 2.50 करोड़ रुपए निर्धारित किया गया था। इस प्रकार 45 भूखंडों के सापेक्ष कुल बिज प्राइज लगभग 112.50 करोड़ रुपए थी। ई ऑक्शन के दौरान 112.50 करोड़ रुपए की बिड प्राइज के सापेक्ष प्राधिकरण को 265.14 करोड़ की धनराशि प्राप्त होगी जो कि कुल बिड प्राइज से 152.64 करोड़ रुपए ज्यादा है। यह बिड प्राइज का 134 प्रतिशत है, जो दर्शाता है कि यीडा क्षेत्र में उद्योगों की स्थापना के साथ ही यहां कॉर्पोरेट ऑफिस खोले जाने के लिए भी औद्योगिक समूह किस कदर लालायित हैं।
