Bengal Flood: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने बाढ़ प्रभावित पश्चिम मेदिनीपुर के सबांग क्षेत्र का गुरुवार को दौरा किया और बाढ़ के कारण मारे गये दो लोगों के परिवारों को नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी (फाइल फोटो)
हवाई सर्वेक्षण करने और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करने के बाद सुवेंदु ने कहा कि सबांग प्रखंड में 3,200 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और प्रत्येक प्रभावित परिवार को 30,000 रुपये की सहायता दी जायेगी।
3,200 मकान क्षतिग्रस्त
उन्होंने कहा, ''बाढ़ के कारण पश्चिम मेदिनीपुर में दो लोगों की मौत हुई है। उनके परिवारों को नौ-नौ लाख रुपये का मुआवजा दिया जायेगा। सबांग प्रखंड में कुल 3,200 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं और इन प्रभावित परिवारों को 30-30 हजार रुपये की सहायता दी जायेगी।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि केलेघाई नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे है और राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि सरकार लोगों की मुश्किलों को कम करने के लिए सभी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा, ''जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश पहले ही दे दिए गए हैं और पीने के पानी, राहत और प्रशासनिक मदद का इंतज़ाम किया जा रहा है।''
CM ने सबांग का हवाई दौरा किया
उन्होंने कहा कि सबांग जाते समय आज मैंने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि भारी बारिश से पश्चिम मेदिनीपुर के सबंग में बाढ़ की गंभीर स्थिति पैदा हो गई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति बने मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर, प्रतिद्वंद्वी ओली अहमद को 167 मतों से दी शिकस्त
सुवेंदु अधिकारी ने कहा, "जिला प्रशासन के अधिकारियों को स्थिति से निपटने के लिए पहले ही ज़रूरी निर्देश दे दिए गए हैं। आम लोगों की मुश्किलों को कम करने के लिए पीने का पानी, राहत और प्रशासनिक मदद देने का काम चल रहा है।" उन्होंने कहा कि सरकार इस मुश्किल समय में लोगों के साथ खड़ी है, और प्रशासन लोगों की तकलीफ़ कम करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहा है।
