Vrindavan Corridor: वृंदावन जाकर बांके के बिहारी के दर्शन करने वाले लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। यमुना एक्सप्रेस वे को अब सीधा मंदिर से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए एक कॉरिडोर बनाया जायेगा। वृंदावन कॉरिडोर के दोनों ओर हेरिटेज सिटी का भी रास्ता साफ हो गया है। यमुना विकास प्राधिकरण ने इसकी पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की योगी सरकार को इस योजना के लिए हाई कोर्ट से मंजूरी मिल गई है।
यमुना एक्सप्रेसवे को बांके बिहारी मंदिर से जोड़ा जाएगा।
कैसा होगा वृंदावन कॉरिडोर
यमुना विकास प्राधिकरण ने वृंदावन को अपने विकास क्षेत्र में लाने की योजना बनाई है। इस योजना के अनुसार यमुना एक्सप्रेसवे को सीधा वृंदावन बांके बिहारी मंदिर से जोड़ा जाएगा। जिसकी लंबाई 7 किलोमीटर होगी। यह कॉरिडोर 6 लेन का होगा और 100 मीटर चौड़ा होगा। वृंदावन कॉरिडोर के दोनों ओर कई तरह की गतिविधियां होंगी। यहां एक म्यूजियम बनाया जाएगा, जिसमें द्वापर काल के नंदगांव, बरसाना, गोकुल समेत करीब छह गांव विकसित किए जायेंगे। साथ ही वहां की संस्कृति के अलावा श्रीकृष्ण लीलाओं को भी दिखाया जायेगा।
वृन्दावन तक कोरिडोर बनने से आने वाले दिनों में इस क्षेत्र में निवेशकों और कारोबारियों का ध्यान जा रहा है। इसमें एक तरफ दिल्ली, नोएडा, गुडगांव और फरीदाबाद से आकर लोग ग्रेटर नोएडा में बसेंगे तो दूसरी तरफ आगरा, अलीगढ़, मथुरा और बुलंदशहर की तरफ से लोग निवेश करने के लिए इधर बढ़ेंगे।
