वाराणसी

Varanasi News: BHU में छात्रा से छेड़खानी के विरोध में स्‍टूडेंट्स का प्रदर्शन, प्रियंका वाड्रा ने सरकार पर साधा निशाना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 2, 2023, 06:46 PM IST

BHU Molestation Case: कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना को लेकर कहा, “बनारस में आईआईटी, बीएचयू की एक छात्रा पर यौन आक्रमण हुआ है। विश्वविद्यालय परिसर में, उस छात्रा के साथ ज़ोर-ज़बर्दस्ती और दिल दहला देने वाली हिंसा की गयी है।

Image

बीएचयू और प्रियंका वाड्रा। (सांकेतिक फोटो)

BHU Molestation Case: वाराणसी स्थित काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के परिसर में बुधवार देर रात अपने दोस्त के साथ घूम रही भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) की एक छात्रा से कुछ बदमाशों ने छेड़छाड़ की और उसे कथित रूप से निर्वस्त्र कर उसका वीडियो भी बना लिया। इस घटना को लेकर सैकड़ों विद्यार्थियों ने गुरुवार को राजपूताना हॉस्टल के सामने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस घटना में बाहरी तत्व शामिल थे लिहाजा परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने घटना को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्वाचन-क्षेत्र में एक छात्रा का अपने ही शिक्षण-संस्थान के भीतर निर्भय होकर पैदल चलना अब संभव नहीं रहा।

छात्रों ने की ये मांग

IIT के जनसम्पर्क विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों का विरोध प्रदर्शन अब भी जारी है और उन्होंने आज पूरी तरह से कक्षाओं का बहिष्कार किया है। प्रदर्शनकारी छात्रों की मांग है कि परिसर में सुरक्षा मुहैया करवाई जाए और छात्रा के साथ छेड़छाड़ करने वाले बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस सूत्रों मुताबिक, पीड़ित छात्रा ने लंका थाने में दी तहरीर में बताया है कि बुधवार रात वह अपने आईआईटी छात्रावास से निकली थी और कुछ ही दूरी पर उसका एक दोस्त उसे मिल गया तथा दोनों कर्मन बाबा के मंदिर के पास पहुंचे तभी एक बाइक पर सवार तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया। पीड़िता ने बताया कि बदमाशों ने उसे उसके दोस्त से अलग कर दिया और फिर उसका मुंह दबा कर उसे कोने में ले गए और उसे निर्वस्त्र कर वीडियो बनाया और फोटो खींचे।

पुलिस ने लगाई ये धाराएं

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने करीब 15 मिनट तक उसे बंधक बनाए रखा और फिर वे उसका मोबाइल नम्बर लेकर भाग गए। लंका पुलिस ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 354 (स्त्री लज्जा भंग करना), 506 (धमकी देना) और आईटी अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान की जा रही है।

प्रियंका वाड्रा ने साधा निशाना

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस घटना को लेकर ‘एक्स’ पर कहा, “बनारस में आईआईटी, बीएचयू की एक छात्रा पर यौन आक्रमण हुआ है। विश्वविद्यालय परिसर में, उस छात्रा के साथ ज़ोर-ज़बर्दस्ती और दिल दहला देने वाली हिंसा की गयी है। निर्लज्ज हमलावरों ने घटना का वीडियो भी बना लिया है। घटना के विरुद्ध आईआईटी के छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने कहा, “क्या अब बीएचयू-परिसर और आईआईटी जैसे शीर्ष संस्थान भी सुरक्षित नहीं हैं? प्रधानमंत्री जी के निर्वाचन-क्षेत्र में एक छात्रा का अपने ही शिक्षण-संस्थान के भीतर निर्भय होकर पैदल चलना क्या अब संभव नहीं रहा? धिक्कार है।” वहीं, आईआईटी के रजिस्ट्रार राजन श्रीवास्तव ने नोटिस जारी कर संस्थान के सभी बैरिकेड्स को रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक बंद रखने का निर्देश दिया है। नोटिस में कहा गया है कि रात में प्रांगण में उपस्थित गार्ड बीएचयू के स्टिकर्स लगे या बीएचयू का पहचान पत्र दिखाने पर ही गाड़ियों को प्रवेश की अनुमति देंगे।

(भाषा)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article