Mau Accident News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में मंगलवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 14 यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल मऊ में भर्ती कराया गया। घायल यात्रियों का आरोप है कि बस चालक शराब के नशे में गाड़ी चला था। जिसके कारण यह हादसा हुआ।
मऊ में डबल डेकर बस पलटी
बिहार से वाराणसी जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार यह बस बिहार से वाराणसी जा रही थी। तभी मऊ के मुराली ढाबे के पास बस अचानक बेकाबू हो गई और पलट गई। जिसमें महिलाओं और बच्चों समेत 14 लोग घायल हो गए। बस में सवार कई लोग अपने मायके जा रहे थे, जबकि कुछ लोग बीएचयू अस्पताल वाराणसी उपचार के लिए जा रहे थे।
तीन यात्रियों की हालत नाजुक
जिला अस्पताल के इमरजेंसी डॉक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि बस पलटने की सूचना पर 14 घायलों को अस्पताल लाया गया है, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। घायलों में से तीन यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर और खलासी ने ढाबे पर खाना खाने के साथ ही शराब का भी सेवन किया। जिसके बाद उन्होंने तेज रफ्तार में बस चलाई। यात्रियों के रोकने के बावजूद उन्होंने गाड़ी धीमी नहीं की। नशे की हालत में होने के कारण उन्होंने बस से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी बेकाबू होकर पलट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
