Kushinagar Road Accident: कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में चार श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सभी श्रद्धालु बिहार के गोपालगंज जिले स्थित थावे दुर्गा मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इससे पहले वे झारखंड स्थित बाबा धाम की धार्मिक यात्रा पर गए थे और दर्शन के बाद उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर वापस लौट रहे थे।
सड़क हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत
तमकुहीराज क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि कार चालक लगातार वाहन चला रहा था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात 10 बजे बाबा धाम से चलने के बाद उसने बिना आराम किए यात्रा जारी रखी। सुबह के समय नींद की झपकी आने से कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और आगे की जांच की जा रही है। सीओ ने बताया कि दुर्घटना में कार में सवार चार लोगों की मृत्यु हो गई तथा दो अन्य घायल हो गये। घायलों का समुचित उपचार कराया जा रहा है।
इन श्रद्धालुओं की हुई मौत
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृत श्रद्धालुओं की पहचान मनोज कुमार (ग्राम प्रधान, फूलपुर) , सुजीत जायसवाल (ग्राम विकास अधिकारी, मिठवल ब्लॉक), रामकरन गुप्ता (कानूनगो, शोहरतगढ़) और कैलाश मणि त्रिपाठी (शिक्षक, नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर) के रूप में हुई है और ये सभी सिद्धार्थनगर जिले के निवासी थे। उनके मुताबिक दो अन्य घायलों में राजेश शर्मा (चालक) और सुशान्त शर्मा हैं और वे भी सिद्धार्थनगर के रहने वाले हैं।
मामले की जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा पटहेरवा थाना क्षेत्र के बगही कुटी के पास फोरलेन पर हुआ और ट्रैक्टर से टक्कर के बाद कार सवार तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाद में एक और श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि दो घायलों को नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), तमकुहीराज में भर्ती कराया गया है। सीओ ने बताया कि मामले की ठोस कार्रवाई की जा रही है।
(इनपुट - भाषा)
